अटल आरोग्य लैब से संवर रही स्वास्थ्य सेवाएं, दो माह में 8,738 मरीजों की 37,246 नि:शुल्क जांच, पढ़े पूरी खबर,,,,,

जिला अस्पताल में जांच सुविधाओं का लगातार विस्तार, जल्द शुरू होगी नि:शुल्क माइक्रोबायोलॉजी जांच
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में संचालित अटल आरोग्य लैब आम मरीजों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। लैब के शुरू होने के महज दो माह के भीतर ही 8,738 मरीजों की 37,246 विभिन्न प्रकार की पैथोलॉजी जांचें पूरी तरह नि:शुल्क की जा चुकी हैं। अत्याधुनिक मशीनों से जांच की सुविधा मिलने से मरीजों को अब निजी लैब में जांच कराने के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करने या दूसरे शहरों का रुख करने की जरूरत कम हो गई है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में जिला अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। अटल आरोग्य लैब इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
अटल आरोग्य लैब के संचालन के बाद जिला अस्पताल आने वाले मरीजों को विभिन्न आवश्यक पैथोलॉजी जांचों की सुविधा एक ही स्थान पर नि:शुल्क मिल रही है। महज दो महीने में 8,738 मरीजों की कुल 37,246 जांचें की जा चुकी हैं। इससे खासकर आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
पहले सामान्य जांच के लिए भी मरीजों को निजी पैथोलॉजी सेंटरों में जाना पड़ता था, जहां उन्हें अलग-अलग जांच के लिए राशि खर्च करनी पड़ती थी। जिला अस्पताल में नि:शुल्क जांच सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों की जेब पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हुआ है। साथ ही उपचार प्रक्रिया भी अधिक सुविधाजनक और तेज हुई है।
जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिला अस्पताल में उपलब्ध नि:शुल्क जांच सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिला अस्पताल में मरीजों को अत्याधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध जांचों की आवश्यकता है, वे अनावश्यक रूप से निजी लैब में राशि खर्च न करें। जिला चिकित्सालय की अटल आरोग्य लैब में उपलब्ध नि:शुल्क जांच सुविधा का लाभ लेकर अपनी जांच करा सकते हैं। इससे मरीजों को आर्थिक राहत के साथ-साथ सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा भी बढ़ेगा।
जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में जल्द ही एक और महत्वपूर्ण सुविधा जुड़ने जा रही है। अटल आरोग्य लैब में नि:शुल्क माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। इसके शुरू होने के बाद गंभीर संक्रमण और जटिल बीमारियों से संबंधित आवश्यक जांच जिला अस्पताल में ही उपलब्ध हो सकेगी।
माइक्रोबायोलॉजी जांच सुविधा शुरू होने से मरीजों को संक्रमण की पहचान के लिए निजी जांच केंद्रों पर निर्भरता कम होगी। चिकित्सकों को भी बीमारी की सटीक पहचान और उपचार की दिशा तय करने में मदद मिलेगी।
सारंगढ़ जिला मुख्यालय के अलावा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज जिला चिकित्सालय पहुंचते हैं। ऐसे मरीजों के लिए नि:शुल्क जांच सुविधा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। जांच के लिए निजी केंद्रों में होने वाला खर्च बचने के साथ ही मरीज और उनके परिजनों का समय भी बचेगा।
अटल आरोग्य लैब के आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध नि:शुल्क जांच सुविधाओं का मरीज लगातार लाभ उठा रहे हैं। आने वाले समय में जांच सेवाओं का और विस्तार होने से जिला चिकित्सालय सारंगढ़ क्षेत्र के लोगों के लिए और अधिक उपयोगी स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित होगा।




