धान खरीदी में बड़ी कार्रवाई: 5 करोड़ 18 लाख का धान-चावल जब्त, दो राइस मिलें सील, पढ़े पूरी खबर,,,,,

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर संयुक्त जांच दल की ताबड़तोड़ कार्रवाई
सारंगढ़ | नईदुनिया प्रतिनिधि
जिले में धान खरीदी में अनियमितताओं पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, मार्कफेड एवं कृषि उपज मंडी के संयुक्त जांच दल ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए जिले की दो राइस मिलों से 5 करोड़ 18 लाख रुपये मूल्य का धान एवं चावल जब्त कर मिलों को सील कर दिया।

संयुक्त जांच दल द्वारा 15 जनवरी को विकासखंड सारंगढ़ स्थित जगदम्बा राइस मिल का औचक निरीक्षण किया गया। जांच में निर्धारित मात्रा से 5447.43 क्विंटल धान कम पाया गया। मौके पर भौतिक रूप से उपलब्ध 13,683.20 क्विंटल धान एवं 661.50 क्विंटल चावल जब्त कर राइस मिल को सील किया गया।
इसी प्रकार विकासखंड बरमकेला स्थित श्रीश्याम उद्योग राइस मिल में औचक निरीक्षण के दौरान 2051.30 क्विंटल धान अधिक पाया गया। अनियमितता पाए जाने पर उक्त धान को जब्त कर राइस मिल को सील कर दिया गया। इस तरह दोनों मिलों से कुल 15,734.50 क्विंटल धान एवं 661.50 क्विंटल चावल, कुल अनुमानित मूल्य 5 करोड़ 18 लाख रुपये जब्त किया गया।
उपार्जन केंद्रों पर भी कार्रवाई
धान खरीदी कार्य में लापरवाही बरतने पर धान उपार्जन केंद्र भेड़वन एवं सरसीवां के समिति प्रबंधकों का वित्तीय प्रभार समाप्त किया गया। वहीं धान उपार्जन केंद्र कपरतुंगा के प्रभारी समिति प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से प्रबंधक पद के प्रभार से हटा दिया गया।
कोचियों और रिसाइक्लिंग पर सख्ती
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशानुसार कोचियों एवं बिचौलियों के माध्यम से धान खरीदी तथा रिसाइक्लिंग पर सख्ती से रोक लगाई जा रही है। जिले में केवल वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी सुनिश्चित की जा रही है।




