बिरसा मुंडा का योगदान समाज के लिए अतुलनीय, भाजपा ने जनजातीय समाज को दिया सम्मान : श्रीकांत सोमावार, पढ़े पूरी खबर,,,,

जिला भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के उत्थान पर रखे विचार, 15 नवंबर को धर्मजयगढ़ में होगा भव्य आयोजन
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन 🖊️🖊️🖊️
सारंगढ़। जिला भाजपा कार्यालय सारंगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीकांत सोमावार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का योगदान केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संघर्ष और बलिदान संपूर्ण समाज के लिए अतुलनीय है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण, अत्याचार और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद कर आदिवासी समाज के अधिकारों एवं जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया।
श्री सोमावार ने कहा कि बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। वे बचपन से ही मेधावी थे। उनके पिता ने उन्हें शिक्षा के लिए मिशनरी स्कूल में दाखिला दिलाया। वहां शिक्षा प्राप्त करने के दौरान उन्होंने महसूस किया कि मिशनरी संस्थाएं शिक्षा देने के साथ-साथ भोले-भाले आदिवासियों की जमीनों पर भी कब्जा कर रही हैं। इस शोषण को देखकर बिरसा मुंडा ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष का रास्ता अपनाया। उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर उनके अधिकारों के लिए आंदोलन किया। मात्र 25 वर्ष की आयु में 9 जून 1900 को जेल में उनका निधन हो गया। कम उम्र में ही उनका संघर्ष और बलिदान इतिहास में अमर हो गया।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक जनजातीय नायकों के योगदान को वह स्थान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। भाजपा ने जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में समान भागीदारी निभाने वाले महत्वपूर्ण समाज के रूप में सम्मान दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान और अधिकारों को नई पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री सोमावार ने बताया कि आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर धर्मजयगढ़ में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय नेता और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने आगे कहा कि आज जनजातीय समाज को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर प्रतिनिधित्व मिल रहा है। देश में कई मुख्यमंत्री और मंत्री भी जनजातीय समुदाय से हैं। भाजपा सरकार जनजातीय समाज के आवास, रोजगार, शिक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। इसका उद्देश्य जनजातीय समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, भुवन मिश्रा, निखिल केशरवानी, हरिनाथ खुंटे, जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी, कमल सिदार एवं संजय सोरेंग सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।




