जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में HPV टीकाकरण अभियान शुरू, बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से मिलेगा सुरक्षा कवच, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में गुरुवार को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से HPV (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और सुश्री शिक्षा शर्मा (ओआईसी हेल्थ) विशेष रूप से मौजूद रहीं। अभियान का उद्देश्य जिले की पात्र किशोरी बालिकाओं को समय रहते सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि भविष्य में वे गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बच सकें।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल ने HPV वैक्सीन की उपयोगिता, सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में शामिल है, लेकिन HPV टीके के माध्यम से इसकी रोकथाम संभव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बालिका को 0.5 एमएल की निर्धारित खुराक दी जाएगी, जो शरीर में HPV वायरस के खिलाफ मजबूत प्रतिरोधक क्षमता विकसित करती है। डॉ. जायसवाल ने पालकों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपनी बेटियों को यह टीका लगवाएं, क्योंकि यह पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।
इस मौके पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने भी जिलेवासियों और अभिभावकों से टीकाकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है और बेटियों को कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी पात्र परिवार इस सुविधा का लाभ लें और अपनी बेटियों के स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करें।
जिला चिकित्सालय प्रशासन ने बताया कि HPV टीकाकरण नियमित रूप से जारी रहेगा। इसके तहत ऐसी किशोरी बालिकाएं पात्र होंगी, जिन्होंने 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया हो, लेकिन 15वां जन्मदिन न मनाया हो। टीकाकरण जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के कक्ष क्रमांक 32 में किया जाएगा। इसका समय प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। हालांकि रविवार और शासकीय अवकाश के दिन टीकाकरण नहीं किया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इस अभियान को सतत रूप से चलाया जाएगा, ताकि जिले की कोई भी पात्र बालिका इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से वंचित न रह जाए। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर अस्पताल पहुंचकर अपनी बेटियों का टीकाकरण कराएं और उन्हें एक सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य दें।




