Letest News

पत्रकारों से दुर्व्यवहार पर जिला प्रेस क्लब सख्त, विद्यावती सिदार से लिखित माफीनामे की मांग, पढ़े पूरी खबर,,,,,

माफीनामा नहीं मिलने तक विद्यावती सिदार की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे पत्रकार, भाजपा प्रदेश संगठन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग

सारंगढ़। भाजपा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अब संगठनात्मक स्तर तक पहुंच गया है। 9 नवंबर को आयोजित इस समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद और उसकी कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों के मोबाइल फोन बंद कराने एवं छीनने की कथित कोशिश ने जिले के पत्रकारों में नाराजगी पैदा कर दी है। मामले को लेकर जिला प्रेस क्लब ने कड़ा रुख अपनाते हुए भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार से सार्वजनिक रूप से लिखित माफीनामा देने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपावली मिलन समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। इस दौरान मौके पर मौजूद पत्रकार पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे, ताकि घटना से जुड़ी वास्तविक जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जा सके। आरोप है कि इसी दौरान पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोकने का प्रयास किया गया। पत्रकारों का कहना है कि जिला भाजपा सह प्रभारी विद्यावती सिदार के कहने पर कुछ लोग उनके मोबाइल फोन बंद कराने और छीनने की कोशिश करने लगे। इस घटनाक्रम को पत्रकारों ने अपने पेशेगत दायित्वों और मीडिया की स्वतंत्रता में हस्तक्षेप के रूप में लिया है।

प्रेस क्लब की बैठक में पारित हुआ बहिष्कार का प्रस्ताव

घटना के बाद जिला प्रेस क्लब ने बैठक आयोजित कर पूरे मामले पर गंभीर नाराजगी जाहिर की। बैठक में पत्रकारों के साथ हुए कथित व्यवहार की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया कि जब तक भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार पत्रकारों एवं जिला प्रेस क्लब के समक्ष लिखित माफीनामा प्रस्तुत नहीं करतीं, तब तक प्रेस क्लब के सदस्य जिले में आयोजित उन राजनीतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे, जिनमें विद्यावती सिदार की उपस्थिति रहेगी।

प्रेस क्लब का स्पष्ट कहना है कि पत्रकार किसी भी राजनीतिक दल या संगठन के कार्यक्रम में व्यक्तिगत हित से नहीं, बल्कि जनहित और समाचार संकलन के उद्देश्य से पहुंचते हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में होने वाली घटनाओं की निष्पक्ष कवरेज करना उनका पेशेगत दायित्व है। ऐसे में पत्रकारों को कवरेज करने से रोकना या उनके मोबाइल फोन छीनने का प्रयास करना स्वीकार्य नहीं है।

भाजपा जिलाध्यक्ष से लेकर प्रदेश संगठन तक पहुंचा मामला

इस मामले में जिला प्रेस क्लब ने भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल को ज्ञापन सौंपने के साथ ही प्रदेश संगठन महामंत्री के नाम भी पत्र भेजकर अपनी मांग रखी है। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा एवं भाजपा संगठन मंत्री को भी प्रेषित की गई है। प्रेस क्लब ने संगठन से पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए उचित संगठनात्मक कार्रवाई करने तथा संबंधित पदाधिकारी से लिखित माफीनामा प्रस्तुत कराने की मांग की है।

अब भाजपा संगठन के रुख पर टिकी नजरें

दीपावली मिलन समारोह में हुए घटनाक्रम के बाद पत्रकारों और भाजपा पदाधिकारियों के बीच पैदा हुआ यह विवाद अब सार्वजनिक बहस का विषय बनता जा रहा है। जिला प्रेस क्लब ने अपनी मांग स्पष्ट कर दी है कि लिखित माफीनामे के बिना बहिष्कार का निर्णय वापस नहीं लिया जाएगा। वहीं अब जिले के राजनीतिक और पत्रकारिता जगत की नजरें भाजपा प्रदेश संगठन के अगले कदम पर टिकी हैं। देखना होगा कि संगठन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और पत्रकारों की मांग पर क्या कार्रवाई करता है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़