जिला पंचायत अध्यक्ष संघ ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों से की मुलाकात, विकास कार्यों में आ रही बाधाओं के निराकरण की उठाई मांग, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। छत्तीसगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा राज्य शासन के विभिन्न मंत्रियों से मुलाकात कर ग्रामीण विकास से जुड़ी प्रशासनिक एवं व्यवहारिक समस्याओं के निराकरण की मांग की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्षों ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के संचालन के दौरान आने वाली कठिनाइयों और अधिकार संबंधी सीमाओं से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्षों को अपने दायित्वों के निर्वहन में अनेक प्रशासनिक एवं व्यवहारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिससे विकास कार्यों की गति प्रभावित होती है। इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक नीतिगत निर्णय लेने की मांग की गई, ताकि पंचायत प्रतिनिधि अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
संघ ने जिला पंचायत अध्यक्षों के अधिकार क्षेत्र में वृद्धि करने, ग्रामों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए पर्याप्त विकास निधि उपलब्ध कराने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत होने वाले निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति के लिए राशि सीमा निर्धारित करने की मांग प्रमुखता से रखी। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इससे विकास कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया सरल होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सकेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष संघ ने यह भी मांग की कि पंचायती राज संस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाया जाए तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रभावी भूमिका प्रदान की जाए। इससे गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता मिल सकेगी और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री एवं संबंधित मंत्रियों ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर शीघ्र निर्णय लेकर जिला पंचायतों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।




