दानसरा में सेवा सेतु शिविर, ग्रामीणों को एक ही जगह मिलीं शासकीय सेवाएं, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

907 सेवाओं के लिए आवेदन की सुविधा, 125 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़–बिलाईगढ़। सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम दनसरा में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, मत्स्य पालन, पंचायत और आयुष सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए।

सेवा सेतु के माध्यम से ग्रामीणों को 907 प्रकार की शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र, आधार अपडेट, पंजीयन सहित विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन लिए गए। करीब 142 जाति एवं निवास संबंधी प्रकरणों में कार्रवाई कर पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की गई। कई हितग्राहियों को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित लाभ, निवास और आय प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

राजस्व विभाग ने खसरा बी-1 और आबादी पट्टा वितरित किया।
स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 125 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। टीबी जांच के लिए डिजिटल चेस्ट एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध रही। आयुष्मान कार्ड बनाए गए और टीबी मरीजों को निक्षय मित्र किट प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पोषण और पौष्टिक आहार पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। एक बालिका का जन्मोत्सव भी केक काटकर मनाया गया। ग्रामीणों को मातृ-शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार और कुपोषण से बचाव की जानकारी दी गई।
शिविर में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मिला। मत्स्य पालन विभाग ने मछली पकड़ने के जाल और आइस बॉक्स वितरित किए। कृषि विभाग की किसान समृद्धि योजना के तहत दो हितग्राहियों को कुल 43 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी के साथ पात्रतानुसार लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि सेवा सेतु के तहत शासन की अनेक सेवाओं को एक स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र के साथ आधार अपडेट, पंजीयन तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही मिल रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को छोटी-छोटी शासकीय सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
कलेक्टर ने ग्राम दनसरा की महिलाओं द्वारा महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि में से स्वेच्छा से राशि एकत्र कर मंदिर निर्माण की पहल की सराहना करते हुए महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में एसडीएम उमेश साहू, जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज, डिप्टी कलेक्टर राणा विजय, पूर्व विधायक शमशेर सिंह, सतीश शर्मा, जनपद पंचायत सारंगढ़ के सीईओ राधेश्याम नायक, तहसीलदार सिन्हा, जनपद सदस्य सुशीला पटेल, ग्राम पंचायत दनसरा की सरपंच पदमा निषाद सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




