जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में 48 घंटे में 11 सुरक्षित प्रसव, 5 जटिल सिजेरियन ऑपरेशन भी सफल, पढ़े पूरी खबर,,,,

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम की सराहना की, सभी माताएं और नवजात स्वस्थ
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था का लाभ अब मरीजों को लगातार मिल रहा है। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में अस्पताल की मेडिकल टीम ने पिछले 48 घंटों के दौरान 11 सुरक्षित प्रसव कराकर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की है। इनमें 6 सामान्य प्रसव तथा 5 जटिल सिजेरियन प्रसव शामिल हैं।
अस्पताल प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रसव के दौरान सामने आई जटिल परिस्थितियों को देखते हुए चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ ने तत्परता के साथ आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई। समय पर निर्णय लेते हुए पांच महिलाओं का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया, जबकि छह महिलाओं का सामान्य प्रसव कराया गया। सभी प्रसव सुरक्षित रूप से संपन्न हुए। वर्तमान में सभी माताएं और नवजात शिशु स्वस्थ बताए गए हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में उनकी आवश्यक देखभाल की जा रही है।
जिला चिकित्सालय में लगातार बढ़ रही प्रसव एवं ऑपरेशन की सुविधाओं से क्षेत्र के लोगों को अब गंभीर मामलों में बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम हो रही है। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और एनेस्थीसिया सेवाओं की उपलब्धता से जटिल मामलों में भी उपचार की सुविधा बेहतर हुई है।
इस उपलब्धि में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू मनहर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. कुंती नायक, आरएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे सहित समस्त नर्सिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मेडिकल टीम ने पूरी मुस्तैदी, समन्वय और सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए सभी प्रसव सुरक्षित तरीके से संपन्न कराए।
अस्पताल में सुरक्षित प्रसव के बाद माताओं और नवजातों के स्वस्थ होने से परिजनों में भी खुशी का माहौल रहा। परिजनों ने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ द्वारा उपलब्ध कराई गई समय पर चिकित्सा सुविधा और बेहतर देखभाल के लिए जिला चिकित्सालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिला चिकित्सालय की इस उपलब्धि पर डॉक्टरों, अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ एवं समस्त स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना की। उन्होंने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले के नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम को इसी समर्पण, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया।
जिला चिकित्सालय में प्रसव, सिजेरियन ऑपरेशन और अन्य चिकित्सा सेवाओं के लगातार विस्तार से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुविधा और सुरक्षित उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार और बेहतर बनाने का प्रयास जारी रहेगा।




