श्रमिक या उनके दो बच्चों को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को CGPSC, व्यापमं, SSC, बैंकिंग, रेलवे और पुलिस भर्ती परीक्षाओं की तैयारी का मिलेगा अवसर
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़, राज्य सरकार द्वारा श्रम विभाग के माध्यम से श्रमिकों और उनके बच्चों के बेहतर भविष्य तथा कैरियर निर्माण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु निःशुल्क कोचिंग सहायता योजना संचालित है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक, जिसकी कम से कम एक वर्ष की नियमित सदस्यता पूर्ण हो चुकी है, वह स्वयं अथवा अपने प्रथम दो संतानों के लिए योजना का लाभ ले सकता है। अर्थात पंजीकृत श्रमिक या उनके पहले दो बच्चों को ही इस योजना के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग की पात्रता होगी।
योजना के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके संतानों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए चयनित कोचिंग संस्थानों के माध्यम से निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी। इसमें छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC), छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam), कर्मचारी चयन आयोग (SSC), बैंकिंग क्षेत्र की IBPS परीक्षाएं, रेलवे भर्ती तथा पुलिस भर्ती परीक्षाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज
निःशुल्क कोचिंग सहायता योजना के लिए प्रशिक्षणार्थी का आधार कार्ड, श्रमिक पंजीयन कार्ड, योजना के संबंध में श्रमिक का स्व-घोषणा प्रमाण पत्र तथा प्रशिक्षणार्थी की शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र अथवा अंकसूची की प्रति आवश्यक होगी। पात्र हितग्राही इन दस्तावेजों के आधार पर योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।
श्रमिकों का पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क
श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। श्रमिक अपना पंजीयन किसी भी सेवा सेतु सेंटर अथवा कंप्यूटर के माध्यम से करा सकते हैं। वर्तमान में शासन द्वारा श्रम विभाग के पंजीयन एवं विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन करने के उद्देश्य से ‘श्रमेव जयते’ मोबाइल एप भी उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से श्रमिक स्वयं अपना पंजीयन करने के साथ ही पंजीकृत योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं।
‘श्रमेव जयते’ मोबाइल एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। इसके अलावा श्रम विभाग की वेबसाइट shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से भी पंजीयन एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
पंजीयन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
श्रमिक पंजीयन के लिए मुख्य रूप से आधार कार्ड, बैंक खाता, लाइव फोटो, निर्माण श्रमिक के लिए स्व-घोषणा प्रमाण पत्र तथा स्वयं का मोबाइल नंबर आवश्यक है। श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में निर्माण श्रमिकों का तथा असंगठित कर्मकार मंडल के अंतर्गत असंगठित कर्मकारों का पंजीयन किया जाता है।
जिले में इन स्थानों पर मिल रही श्रम विभाग की सुविधा
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में श्रमिकों की सुविधा के लिए श्रम संसाधन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। सारंगढ़ में नगरपालिका कार्यालय, बिलाईगढ़ में जनपद पंचायत कार्यालय तथा बरमकेला में जनपद पंचायत कार्यालय में श्रम संसाधन केंद्र संचालित है। यहां श्रमिक पंजीयन, योजनाओं की जानकारी तथा आवेदन प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
श्रम विभाग ने श्रमिकों से अपील की है कि पात्र श्रमिक अपना पंजीयन अवश्य कराएं और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। विशेषकर जिन पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, वे मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु निःशुल्क कोचिंग सहायता योजना का लाभ लेकर अपने कैरियर को नई दिशा दे सकते हैं।




