छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

अवैध उत्खनन और फ्लाई ऐश डंपिंग पर होगी सख्ती, पारदर्शिता से कार्य करने के निर्देश, पढ़े पूरी खबर,,,

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक संपन्न

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभाकक्ष में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों, विभागीय योजनाओं और शासकीय कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान खनिज एवं पर्यावरण विभाग से संबंधित कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि खनिज और पर्यावरण से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य किया जाना चाहिए। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन तथा फ्लाई ऐश डंपिंग जैसी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि खनिज संपदा का अवैध दोहन न केवल शासन को राजस्व की क्षति पहुंचाता है, बल्कि पर्यावरण और आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए संबंधित विभाग नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करें और शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

सामान्य सभा की बैठक में खनिज विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति का मामला भी सामने आया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि जिला पंचायत की महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति उचित परंपरा नहीं है। अधिकारियों के उपस्थित नहीं रहने से विभागीय योजनाओं, प्रगति और समस्याओं की सही जानकारी सदस्यों को नहीं मिल पाती। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को भविष्य में जिला पंचायत की बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा मांगी गई जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों की स्थिति तथा जनहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़