छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

बिलाईगढ़ ब्लॉक के धान खरीदी केंद्रों में किसानों से अधिक तौल, प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

सारंगढ़-बिलाईगढ़।
बिलाईगढ़ ब्लॉक के अधिकांश धान खरीदी केंद्रों पर शासन द्वारा निर्धारित मानकों की अनदेखी का मामला लगातार सामने आ रहा है। निर्धारित 40.700 किलोग्राम (40 किलो शुद्ध धान + बोरी वजन) के बजाय किसानों से 41 से 41.200 किलोग्राम तक धान की तौल कराई जा रही है, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक नुकसान हो रहा है।

जानकारी के अनुसार धान खरीदी नियमों में स्पष्ट प्रावधान है कि प्रति बोरी 40 किलोग्राम शुद्ध धान के साथ बोरी का वजन (लगभग 500 से 600 ग्राम) ही लिया जाना है। इसके बावजूद कई खरीदी केंद्रों पर बोरी सहित अधिक वजन भरवाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि विरोध करने पर तौल प्रक्रिया में जानबूझकर देरी की जाती है, लाइन से पीछे कर दिया जाता है या अगले दिन आने को कहा जाता है। फसल खराब होने और समय की मजबूरी के चलते किसान अतिरिक्त धान देने को विवश हैं।

किसानों के अनुसार प्रति बोरी औसतन 400 से 500 ग्राम अतिरिक्त धान लिया जा रहा है। यदि इसे पूरे खरीदी सीजन से जोड़ा जाए तो यह नुकसान हजारों क्विंटल तक पहुंच सकता है।
धान खरीदी को लेकर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा सभी केंद्रों को तौल प्रक्रिया पारदर्शी रखने और निर्धारित मात्रा से अधिक धान न लेने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। नियम उल्लंघन की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों व समितियों पर कार्रवाई का प्रावधान भी है।

कार्रवाई के बाद भी नहीं दिखा सुधार

इसी कड़ी में पूर्व में की गई कार्रवाई के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने का उदाहरण सलौनीकला धान उपार्जन केंद्र में सामने आया है।
दिनांक 19 दिसंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बिलाईगढ़ द्वारा किए गए निरीक्षण में समिति प्रबंधक हलधर पाल बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान 5 बोरों का वजन क्रमशः 41.160, 41.160, 41.150, 41.150 एवं 41.160 किलोग्राम पाया गया।

इस पर कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बिलाईगढ़ द्वारा दिनांक 20 दिसंबर 2025 को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए इसे घोर लापरवाही और कार्य के प्रति उदासीनता करार दिया गया है। संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने की स्थिति में एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इसकी प्रतिलिपि कलेक्टर (खाद्य शाखा) जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ को सूचनार्थ भेजी गई है।

किसानों की मांग

लगातार मिल रही शिकायतों से प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी धान खरीदी केंद्रों में औचक निरीक्षण कर तौल व्यवस्था की जांच की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि किसानों को इस मनमानी से राहत मिल सके।
वर्जन
शिवराज कुर्रे नोडल अधिकारी का कहना है धन का मानक तौल 40.700 ग्राम धान लेना है अगर इससे ज्यादा धान ले रहे हैं तो वो गलत हैं अभी मैं बाहर में हूं जाकर देखता हूं
इससे पहले एस डी एम द्वारा निरीक्षण में भी 41.160 ग्राम पाया गया था कुछ दिन पहले जिसमें करवाही की गई थी,

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़