किसानों के खून-पसीने की कमाई बेचने में न आए दिक्कत – संजय भूषण पांडे, पढ़े पूरी खबर,,,,

धान खरीदी केंद्रों का दौरा, मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान
सारंगढ़।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी का कार्य राज्य सरकार के निर्देशानुसार सुचारू रूप से जारी है। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे लगातार धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करा रहे हैं।
जिपं अध्यक्ष पांडे ने सहसपुर, कनकबीरा, सालर, बोहराबहाल, दानसरा एवं पवनी धान खरीदी केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी प्रक्रिया, टोकन व्यवस्था, तौल, भुगतान एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली और जहां भी समस्याएं सामने आईं, संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
पांडे ने कहा कि “किसान हमारे अन्नदाता हैं। उनके खून-पसीने की कमाई को बेचने में कोई दिक्कत न आए, यही मेरी प्राथमिकता है। जहां-जहां समस्या की जानकारी मिलती है, वहां प्रशासन के माध्यम से तुरंत समाधान कराया जा रहा है।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर किसानों को अनावश्यक परेशान न किया जाए, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जिपं अध्यक्ष ने धान खरीदी केंद्रों पर शासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकांश केंद्रों में कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगात्मक है और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित हो रही है। इससे किसानों का समय बच रहा है और उन्हें अनावश्यक भटकाव से राहत मिल रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। धान खरीदी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाकर किसानों के मान-सम्मान को बढ़ाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
पांडे ने बताया कि शासन स्तर पर धान खरीदी कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि धान खरीदी का कार्य समयबद्ध, व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से पूर्ण हो सके।




