छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

कबड्डी भारत की मिट्टी से जुड़ा खेल है — संजय भूषण पांडेय

स्कूली दिनों की यादों में लौटे जिला पंचायत अध्यक्ष, भटगांव में अंतरराज्यीय कबड्डी का भव्य आयोजन

सारंगढ़-बिलाईगढ़।
नगर पंचायत भटगांव में आयोजित अंतरराज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता खेल, परंपरा और उत्साह का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आई। भारत के प्राचीन और लोकप्रिय खेल कबड्डी के इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने दमखम और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पांडेय भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि कबड्डी भारत की मिट्टी से जुड़ा अत्यंत प्राचीन खेल है, जो आज भी गांव-गांव में जीवंत है। अपने स्कूली दिनों के संस्मरण साझा करते हुए उन्होंने कहा,
“आज इस प्रतियोगिता को मुख्य अतिथि की आसंदी से देखना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। स्कूल के दिनों में मैं स्वयं कबड्डी खेलता था। खिलाड़ियों का जोश देखकर वे यादें ताज़ा हो गईं।”
उन्होंने खेल भावना, अनुशासन और पारंपरिक खेलों के संरक्षण पर भी जोर दिया।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से बढ़ा उत्साह
प्रतियोगिता में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का हौसला और बढ़ा दिया। इस अवसर पर अरुण गुड्डू यादव (सांसद प्रतिनिधि), भुवन मिश्रा (वरिष्ठ भाजपा नेता), जगन्नाथ केसरवानी एवं ज्योति पटेल (जिला अध्यक्ष, भाजपा) विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया।

आयोजन समिति की सराहनीय भूमिका
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में नगर पंचायत टीम की भूमिका सराहनीय रही। आयोजन के सूत्रधार नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे, टाइगर कुर्रे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रदीप देवांगन सहित पूरी टीम ने व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संभाला। मैदान में उमड़ी हजारों दर्शकों की भीड़ ने यह साबित कर दिया कि कबड्डी के प्रति लोगों का प्रेम और उत्साह आज भी उतना ही मजबूत है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़