जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय और सभापति डॉ. हरिहर जायसवाल का नरेशनगर में औचक निरीक्षण, पढ़े पूरी खबर

बच्चों की शिक्षा से समझौता नहीं—औचक निरीक्षण में बोले जिला पंचायत अध्यक्ष
सारंगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय एवं जिला पंचायत सभापति डॉ. हरिहर जायसवाल ने नरेशनगर स्थित बालक आश्रम, प्राथमिक विद्यालय, मिडिल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए बच्चों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान श्री पाण्डेय ने बच्चों से गणित सहित विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों के संतोषजनक उत्तरों पर उन्होंने शिक्षकों की सराहना की और विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन कर मेहनत से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने छात्रावास में भोजन, बिस्तर, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधीक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। रहने-खाने और पढ़ाई की व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने शिक्षकों और अधीक्षकों से कहा कि बच्चों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण आहार, उपलब्ध सुविधाओं और उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की गई तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
औचक निरीक्षण से विद्यालय और छात्रावास प्रशासन को सकारात्मक संदेश मिला है। वहीं बच्चों और अभिभावकों में भी संतोष का माहौल है। इस पहल से शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के सर्वांगीण विकास में और सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।




