रासेयो से सामाजिक सेवा, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित होती है : एल.पी. पटेल, पढ़े पूरी खबर,,,,

सारंगढ़ सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में स्वच्छता, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति व सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से हुआ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास
सारंगढ़।नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़,राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक प्रभावशाली व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम है। इस शिविर के माध्यम से विद्यालय और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं स्वयंसेवक के रूप में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जाकर स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सामुदायिक विकास से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हैं, जिससे उनमें समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास होता है। उक्त उद्गार सेजेस विद्यालय सारंगढ़ के प्राचार्य एल.पी. पटेल ने सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों एवं पालकों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

उन्होंने बताया कि उनके कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सेजेस विद्यालय सारंगढ़ में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का आयोजन 05 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जन-जागरूकता, नशा मुक्ति, नृत्य-नाटक, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनोहारी एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। यह सात दिवसीय आयोजन विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रवेश मिश्रा, समाजसेवी महेंद्र अग्रवाल, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष जुगल किशोर केशरवानी, डॉ. एल.एस. पटेल, प्राचार्य एल.पी. पटेल, कार्यक्रम अधिकारी हरे कृष्ण शहर, सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती सरिता कुजुर, पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी आर.एस. प्रधान, पैंकरा सर, नेताम सर, कृषि विभाग से डॉ. अजय तथा पुलिस विभाग से जितेंद्र उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को समाज सेवा, राष्ट्रीय भावना, सांस्कृतिक विरासत, नशा मुक्ति एवं उन्नत कृषि जैसे विषयों पर सारगर्भित व्याख्यान देकर निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होने की शुभकामनाएं दीं।

प्राचार्य एल.पी. पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यालयीन गतिविधियों का एक अहम हिस्सा है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक सहभागिता, सेवा भावना और जीवन कौशलों का विकास होता है। रासेयो छात्रों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से रूबरू कराकर उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाने का सशक्त मंच प्रदान करती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




