सड़क सुरक्षा का संदेश: चेंबर ऑफकॉमर्स ने बस स्टैंड में बांटे हेलमेट, पढ़े पूरी खबर,,,,,

‘घर में कोई आपका इंतजार कर रहा है’—हेलमेट वितरण कार्यक्रम में कलेक्टर का संदेश
हेलमेट डर से नहीं, जीवन की सुरक्षा के लिए पहनें: एसपी वैष्णव
सारंगढ़।नईदुनिया दिलीप टंडन
जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चेंबर ऑफ कॉमर्स के सौजन्य से नगर के बस स्टैंड परिसर में हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे मुख्य अतिथि तथा पुलिस अधीक्षक आंजनैय वैष्णव अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसपी आंजनैय वैष्णव ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे नियमों का पालन पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपने जीवन की सुरक्षा के लिए करें। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग यह सोचकर नियम तोड़ देते हैं कि कुछ नहीं होगा, लेकिन ऐसे छोटे फैसले कई बार बड़े हादसों का कारण बन जाते हैं। हेलमेट पहनना, शराब पीकर वाहन न चलाना, वैध नंबर प्लेट व ड्राइविंग लाइसेंस रखना तथा तेज रफ्तार और स्टंट से दूर रहना अत्यंत आवश्यक है।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने ‘राह वीर योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिक को पुलिस द्वारा परेशान नहीं किया जाता, बल्कि उसे 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार एवं सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय यह याद रखें कि घर में कोई आपका इंतजार कर रहा है—यह सोच ही दुर्घटनाओं को रोकने में मददगार बनती है।
कार्यक्रम में महेंद्र अग्रवाल, संगीत सिंह ठाकुर, नत्थू केडिया, घनश्याम बंसल, समीर सिंह ठाकुर, मोनू थवाईत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे, अविनाश मिश्रा, एसडीओपी स्नेहिल साहू, यातायात टीआई जितेंद्र चंद्रा, थानेदार कामिल हक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




