छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

मोना मॉडर्न स्कूल में ‘मल्हार 2025–26’ का भव्य आयोजन, 1463 विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभापढ़े पूरी खबर,,,,

सारंगढ़ | नईदुनिया

मोना मॉडर्न स्कूल, सारंगढ़ में आयोजित 23वां स्थापना दिवस समारोह ‘मल्हार 2025–26’ बुधवार को भव्यता, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। दोपहर 3 बजे से रात्रि 8 बजे तक चले इस ऐतिहासिक आयोजन में गायन, वादन एवं नृत्य की विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के 1463 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री बी.पी. केशरवानी, अध्यक्ष मोना शिक्षण समिति एवं श्रीमती लता केशरवानी, कोषाध्यक्ष मोना शिक्षण समिति रहे। अतिथियों ने माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रारंभ में विद्यालय के संस्थापक डॉ. रितेश केशरवानी एवं डॉ. तोषी गुप्ता ने मंच से अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया।

डॉ. रितेश केशरवानी ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, बोर्ड परीक्षाओं में लगातार उत्कृष्ट परिणाम तथा खेल, सांस्कृतिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की सफलताओं का उल्लेख करते हुए इसे शिक्षकों के समर्पण, विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम बताया। वहीं डॉ. तोषी गुप्ता ने कहा कि मोना मॉडर्न स्कूल केवल एक शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और सर्वांगीण विकास का केंद्र है। उन्होंने कहा कि ‘मल्हार’ जैसे आयोजन बच्चों में मंचीय आत्मविश्वास, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक पहचान विकसित करते हैं।

गरिमामय शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुई, जिसने पूरे वातावरण को प्रदेश-गौरव और सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत कर दिया।

कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर रहे विशेष रूप से उपस्थित

समारोह में जिले के कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं डिप्टी कलेक्टर श्री उमेश साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि पूरा कार्यक्रम इतना अनुशासित और प्रभावशाली है कि किसी बड़े डांस रिएलिटी शो जैसा अनुभव हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों की मंच प्रस्तुति, आत्मविश्वास और थीम आधारित कार्यक्रमों की मुक्तकंठ से सराहना की।

कलेक्टर ने नारी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक कुरीतियों, भारतीय संस्कृति, वैज्ञानिक चेतना और नैतिक मूल्यों पर आधारित प्रस्तुतियों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में सरस्वती वंदना, शास्त्रीय एवं लोक नृत्य, देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक विषयों पर आधारित नृत्य-नाट्य, गायन व वादन की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। अभिभावकों, अतिथियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंत में मोना ग्रुप ऑफ एजूकेशन के संस्थापक डॉ. रितेश केशरवानी ने आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। ‘मल्हार 2025–26’ मोना मॉडर्न स्कूल के इतिहास में एक प्रेरणादायक और अनुकरणीय आयोजन के रूप में दर्ज हो गया।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़