छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

योग हमारे शरीर के लिए अमृत है : न्यायाधीश अमित राठौर, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को न्यायालय परिसर एवं उप जेल सारंगढ़ में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। “करो योग, रहो निरोग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तथा तालुका विधिक सेवा समिति सारंगढ़ के अध्यक्ष माननीय श्री अमित राठौर के मार्गदर्शन में न्यायिक अधिकारियों, न्यायालयीन कर्मचारियों एवं विचाराधीन बंदियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर न्यायाधीश श्री अमित राठौर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है। योग हमारे शरीर के लिए अमृत के समान है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से अनेक प्रकार की बीमारियों से बचाव संभव है तथा तनावमुक्त जीवन के साथ सकारात्मक सोच का विकास होता है।

न्यायालय परिसर में आयोजित योग सत्र के दौरान न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। इसके पश्चात श्री राठौर ने उप जेल सारंगढ़ पहुंचकर वहां निरुद्ध विचाराधीन बंदियों के साथ योग किया तथा उन्हें योग के महत्व और उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग आत्मविश्वास बढ़ाने, मानसिक तनाव कम करने और जीवन में अनुशासन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योग करने से व्यक्ति का शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ-साथ मानसिक संतुलन भी बना रहता है। उन्होंने सभी बंदियों को प्रतिदिन योग करने की सलाह देते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उप जेल सारंगढ़ में आयोजित योग शिविर में कुल 190 विचाराधीन बंदियों ने भाग लेकर योगाभ्यास का लाभ उठाया। कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने भी पूरे उत्साह के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम किए। योग शिविर का मुख्य उद्देश्य बंदियों के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ उनमें सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक सुदृढ़ता का विकास करना रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में उप जेल सारंगढ़ के समस्त जेल स्टाफ, तालुका विधिक सेवा समिति सारंगढ़ के पैरालीगल वालंटियर नारद प्रसाद श्रीवास तथा थाना सारंगढ़ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़