छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

नींद में गाफिल चाचा के परिवार पर भतीजे का कहर: टांगी से हमला, तीन की मौत; महिला समेत दो गंभीर पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

विशालपुर नईदुनिया।दिलीप टंडन
जिला मुख्यालय सारंगढ़ से लगभग 50 किलोमीटर दूर बरमकेला विकासखंड के डोंगरीपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झाल में मंगलवार तड़के घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोस में रहने वाले भतीजे ने कथित वाद विवाद तना तनी के चलते अपने ही चाचा के परिवार के पांच सदस्यों पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम झाल में एक ही परिवार के सदस्य अगल-बगल निवास करते हैं। रोजाना की तरह मंदो बाई सारथी (62) अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच उनके ही परिवार का भतीजा तुलसी सारथी टांगी लेकर घर में घुसा और नींद में सो रहे लोगों पर जानलेवा प्रहार शुरू कर दिया।

हमले में मंदो बाई सारथी और उनके पुत्र राजेश सारथी (36) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन वर्षीय नाती प्रशांत सारथी ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हमले की विभत्सता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

घर के भीतर अचानक चीख-पुकार मच गई। जो भी बीच-बचाव के लिए सामने आया, आरोपित ने उस पर भी वार कर दिया। इस दौरान कुमार साय सारथी (65) और गर्भवती संजुक्ता सारथी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जंगल जाने की बात कहकर निकला था

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि तुलसी सारथी तड़के सुबह घर से यह कहकर निकला था कि वह टांगी लेकर जंगल लकड़ी लेने जा रहा है। कुछ ही मिनटों बाद पड़ोस से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। जब परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक वह वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था।

पुराना विवाद बना वजह?

ग्रामीणों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच कुछ वर्ष पूर्व किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि मामला समय के साथ शांत हो गया था, लेकिन सोमवार को फिर बहस हुई थी। पुलिस अभी हत्या के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है।

तीन दिन पहले ही लौटा था गांव

आरोपित के पिता शौकीलाल ने बताया कि तुलसी बाहर होटल में रोजी मजदूरी करता था और तीन दिन पहले ही गांव लौटा था। घटना के बाद वह भागने की कोशिश में था, लेकिन डोंगरीपाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्वजन रो-रोकर बेहाल हैं। ग्रामीण बड़ी संख्या में मृतकों के घर के बाहर जुटे रहे। पूरे क्षेत्र में इस जघन्य वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

वर्जन
“झाल में एक ही परिवार के पांच लोगों पर हमला किया गया, जिसमें तीन की मौत हुई है। दो घायलों का उपचार रायगढ़ में जारी है। आरोपित तुलसी सारथी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
— आंजनेय वार्ष्णेय, पुलिस अधीक्षक, सारंगढ़-बिलाईगढ़

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़
खबर का असर: आमाकोनी बांध की नहर का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीओ, बजट स्वीकृत होते ही होगी सफाई, पढ़े पूरी खबर,,,, सेवा संकल्प अभियान के तहत आज सारंगढ़ में दिव्यांगजन प्रमाणीकरण एवं उपकरण वितरण शिविर, यूडीआईडी कार्ड नवीनीकरण, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण... आमाकोनी बांध की नहरों में उगी झाड़ियां, आखिर खेतों तक पानी कैसे पहुंचेगा? सहंसपुर से विशालपुर तक नहरों में झाड़ियों का साम्राज्य, सफाई का इंतजार कर रह... टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों का सम्मान, संजय भूषण पांडे ने लिया जिले को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प, पढ़े पूरी खबर,,,,,, सेवा संकल्प अभियान में पुलिस ने बस स्टैंड पर चलाया यातायात जागरूकता अभियान, 100 हेलमेट बांटे