छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा हुए शामिल, बच्चों ने नृत्य शैली में प्रस्तुत की आकर्षक योग मुद्राएं, पढ़े पूरी खबर,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कृषि उपज मंडी परिसर सारंगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में योग के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बना। राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में करीब एक हजार लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा नृत्य शैली में प्रस्तुत योग मुद्राओं ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धनवंतरी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद योग शिक्षक एवं व्यायाम शिक्षिका ममता साहू के मार्गदर्शन में उपस्थित जनसमूह ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “बढ़ती उम्र के स्वास्थ्य के लिए योग” तथा “योगा 365 डेज, एम्ब्रेस योगा” रही, जिसके अनुरूप लोगों को नियमित योग के महत्व से अवगत कराया गया।

मुख्य अतिथि टंकराम वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र निर्माण के संदेश का वाचन करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न तनाव और बीमारियों से बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करे तो स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संस्थाओं द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। सिम्मी योगा एंड फिटनेस सेंटर के बच्चों ने सामूहिक योग प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं योगाचार्य सुभाष पटेल की टीम ने सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से योग की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन किया। सरिया की योगिनी अकादमी द्वारा श्रीरामचंद्र सहित अन्य भक्ति गीतों पर योग और नृत्य का समन्वित प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसे लोगों ने काफी सराहा। इसके अलावा साक्षी पटेल ने एकल प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

योग दिवस कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, भारत स्काउट एवं गाइड, जूनियर रेडक्रॉस तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। पूरे परिसर में योग के प्रति जागरूकता और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने सहभागिता करते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में राजस्व मंत्री ने योग प्रदर्शन करने वाले सभी दलों, प्रतिभागियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाए।

स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खाद्य विभाग द्वारा प्रतिभागियों के लिए अंकुरित चना, मूंग और गुड़ की व्यवस्था की गई थी, जबकि आयुष विभाग द्वारा काढ़ा एवं हर्बल चाय उपलब्ध कराई गई। प्रभारी मंत्री, कलेक्टर तथा अन्य अतिथियों ने इसका सेवन कर लोगों को पौष्टिक आहार अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य दिनेश जांगड़े, अभिलाषा नायक, सहोदरा सिदार, शिवकुमारी साहू, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, बरमकेला जनपद पंचायत अध्यक्ष विद्या चौहान, ज्योति पटेल, सुभाष जालान, दुर्गा ठाकुर, मनोज जायसवाल, वैजंती लहरे, नत्थूलाल केडिया, घनश्याम बंसल, लिंगराज पटेल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। योग शिक्षिका ममता साहू के माता-पिता एवं परिजनों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर उत्साहवर्धन किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देने में सफल रहा, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा हुए शामिल, बच्चों ने नृत्य शैली में प्रस्तुत की आकर्षक योग मुद्राएं, पढ़े पूरी खबर,,,,, रासायनिक खाद का कम और जैविक खाद का ज्यादा उपयोग करें, तभी बचेगी खेती और सेहत : टंकराम वर्मा, पढ़े पूरी खबर,,,,, नवपदस्थ बीईओ का शिक्षकों ने किया भव्य स्वागत, शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलने की जताई उम्मीद, पढ़े पूरी खबर,, कलेक्टर के निर्देश के परिपालन में तहसीलदार सारंगढ़ एन.के. सिन्हा ने कई लंबित सीमांकन प्रकरणों का किया निराकरण, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,, स्वास्थ्य सेवाओं में नया आयाम: जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में अटल आरोग्य लैब से मात्र 15 दिनों में 6500 से अधिक निःशुल्क जांचें