छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

पीएससी की तैयारी का सपना होगा साकार, जिले के युवाओं को मिलेगी निःशुल्क कोचिंग, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान युवाओं के लिए जिला प्रशासन की विशेष पहल, विशेषज्ञों से मिलेगा मार्गदर्शन

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के प्रतिभावान युवाओं के लिए प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना अब आर्थिक तंगी के कारण अधूरा नहीं रहेगा। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) सहित राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अब जिला प्रशासन की ओर से निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन की युवा हितैषी सोच को आगे बढ़ाते हुए कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने यह विशेष पहल की है। इसके तहत जिले के शिक्षित, प्रतिभावान और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

जिले में बड़ी संख्या में ऐसे युवा हैं, जो राज्य प्रशासनिक सेवा सहित अन्य सरकारी सेवाओं में चयनित होकर समाज और प्रदेश की सेवा करना चाहते हैं। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग लेने और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार उचित मार्गदर्शन और संसाधनों के अभाव में उनकी प्रतिभा को अपेक्षित अवसर नहीं मिल पाता। जिला प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऐसी ही बाधाओं को दूर कर युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रस्तावित निःशुल्क कोचिंग में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा के साथ अन्य राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। विषय विशेषज्ञों द्वारा अभ्यर्थियों को विभिन्न विषयों का अध्यापन कराने के साथ पाठ्यक्रम की समझ, महत्वपूर्ण विषयों की पहचान, परीक्षा की तैयारी की रणनीति और बेहतर अध्ययन पद्धति के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे अभ्यर्थियों को सुनियोजित तरीके से तैयारी करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियों को समझने में मदद मिलेगी।

इस योजना का लाभ लेने के लिए जिले के इच्छुक और पात्र शिक्षित युवा निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकेंगे। जिला प्रशासन द्वारा पंजीयन के लिए लिंक शीघ्र जारी किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर आगे की प्रक्रिया, चयन संबंधी जानकारी और कोचिंग संचालन की विस्तृत रूपरेखा जिला प्रशासन द्वारा अलग से जारी की जाएगी।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की इस पहल को जिले में युवाओं के शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निःशुल्क कोचिंग शुरू होने से उन युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा, जो लंबे समय से प्रशासनिक सेवा में जाने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के चलते निजी संस्थानों में कोचिंग नहीं ले पा रहे हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तथा आर्थिक कठिनाइयां उनके सपनों की राह में बाधा न बनें।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़