छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ की डायलिसिस यूनिट बनी किडनी रोगियों के लिए जीवनरेखा,पढ़े पूरी खबर

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशन में मिल रही निःशुल्क व आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

बड़े शहरों की दौड़ खत्म, सारंगढ़ जिला अस्पताल में निःशुल्क डायलिसिस सेवा

सारंगढ़ | नईदुनिया प्रतिनिधि
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सारंगढ़-बिलाइगढ़ जिला लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के कुशल निर्देशन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में संचालित डायलिसिस यूनिट किडनी रोगियों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिले में ही उच्च स्तरीय निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को बड़ी राहत मिली है।

अब बड़े शहरों की दौड़ से राहत

पूर्व में जिले के किडनी रोगियों को डायलिसिस के लिए रायपुर, बिलासपुर अथवा रायगढ़ जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ के साथ समय और मानसिक तनाव भी बढ़ता था। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के विशेष प्रयासों से अब यह सुविधा जिला अस्पताल में ही उपलब्ध हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नियमित निरीक्षण और प्रभावी प्रबंधन के चलते डायलिसिस सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।

पूरी तरह निःशुल्क उपचार, आधुनिक मशीनें

प्रधानमंत्री निःशुल्क डायलिसिस कार्यक्रम ‘जीवन धारा’ के अंतर्गत जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट में उपचार पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। यूनिट में तीन आधुनिक मशीनें स्थापित हैं, जिनमें दो ऋणात्मक तथा एक धनात्मक (हेपेटाइटिस-सी) मशीन शामिल है। इनके माध्यम से प्रतिदिन तीन से चार मरीजों को डायलिसिस सुविधा प्रदान की जा रही है। अब तक 28 मरीजों के 445 सेशन सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं, जबकि वर्तमान में 10 सक्रिय मरीज नियमित रूप से इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं।

यूनिट में साफ-सफाई एवं संक्रमण मुक्त वातावरण का विशेष ध्यान रखा जाता है, जिससे मरीजों को सुरक्षित और सहज माहौल मिल सके।

मरीजों ने जताया आभार

डायलिसिस कराने पहुंचे मरीजों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निःशुल्क सुविधा से जहां उनका आर्थिक बोझ कम हुआ है, वहीं बार-बार दूर शहरों की यात्रा से भी मुक्ति मिली है।

अधिकारियों का संदेश

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है कि जिले का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। वहीं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जिला चिकित्सालय में उपलब्ध इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़