ठंड, पाला और पहाड़ों के बीच पत्रकारों की महफिल, मैनपाठ बना सारंगढ़ मीडिया हाउस की यादगार यात्रा, पढ़े पूरी खबर,,,

छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाठ बना सारंगढ़ मीडिया हाउस टीम की यादगार बैठक का साक्षी
सारंगढ़।
छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाठ की मनोरम वादियों में सारंगढ़ मीडिया हाउस की टीम की बैठक सह भ्रमण यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रकृति की गोद में आयोजित इस प्रवास ने पत्रकारों को न सिर्फ मानसिक ताजगी दी, बल्कि आपसी समन्वय और भविष्य की योजनाओं पर मंथन का भी अवसर प्रदान किया।

हरी-भरी पहाड़ियां, ठंडी हवाएं, बादलों से ढकी घाटियां और शांत वातावरण ने टीम के सदस्यों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टीम ने मैनपाठ के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करते हुए स्थानीय संस्कृति और खान-पान का भी आनंद लिया। सुबह-शाम बदलते मौसम, धुंध से ढकी सड़कें तथा सूर्योदय और सूर्यास्त के मनोहारी दृश्यों ने यात्रा को यादगार बना दिया।

मीडिया हाउस के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार डायरेक्टर भरत अग्रवाल के निर्देशन एवं सीईओ जगन्नाथ बैरागी के नेतृत्व में मैनपाठ पहुंचे। इस दौरान न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पाला जमने की स्थिति बन गई। सुबह चारों ओर घास के मैदान, खेतों की मेड़, पेड़-पौधे और पुआल के ढेर सफेद चादर जैसी पाले से ढके नजर आए। यह दृश्य किसी पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी के बाद का प्रतीत हो रहा था। पत्रकारों ने इस दुर्लभ नजारे को अपने कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया। ठंड के कारण मैनपाठ सहित पूरे सरगुजा संभाग में जनजीवन प्रभावित रहा।

इस वर्ष मैनपाठ सैलानियों के लिए रोमांच का नया केंद्र बनकर उभरा है। यहां पैराग्लाइडिंग और पैरासेलिंग जैसी साहसिक गतिविधियों की शुरुआत से पर्यटकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। ऊंची पहाड़ियों से उड़ान भरते हुए नीचे फैली हरियाली और घाटियों का दृश्य रोमांच से भर देता है। युवा ही नहीं, परिवार के साथ पहुंचे पर्यटक भी इन गतिविधियों का भरपूर आनंद ले रहे हैं।

प्रकृति प्रेमियों के लिए जैव विविधता पार्क स्थित भूतईया नाला पर बने बांध में नौकायन की सुविधा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। शांत जल में नाव की सैर करते हुए प्राकृतिक सौंदर्य निहारने बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं।

साल के अंत और नए वर्ष की शुरुआत में मैनपाठ रोमांच, प्रकृति और संस्कृति का अनूठा संगम बन गया है। इस वर्ष क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में 500 से अधिक स्थानों पर टेंट लगाए गए हैं, जहां पर्यटकों को कैंपिंग की सुविधा मिल रही है। ठंड को देखते हुए अधिकांश कैंपिंग स्थलों पर अलाव की व्यवस्था भी की गई है। इन गतिविधियों से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

सारंगढ़ मीडिया हाउस टीम में सीईओ जगन्नाथ बैरागी, कमल सिंह यादव, अनुराज साहू, अश्वनी साहू, रामगोपाल वैष्णव, दिलीप टंडन, पुरुषोत्तम चौहान, कार्तिक राम, आलोक सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे। टीम ने टाइगर पॉइंट, मछली पॉइंट, उल्टा पानी, दलदली क्षेत्र, बंशी जलप्रपात, घाघी जलप्रपात जैसे प्रसिद्ध स्थलों का भ्रमण किया। रात्रि विश्राम मेहता पॉइंट के टेंट में किया गया, जो सभी के लिए रोमांचक अनुभव रहा।
यात्रा के अंत में मीडिया हाउस प्रतिनिधियों ने मैनपाठ की स्वच्छता, शांति और प्राकृतिक संपदा की सराहना करते हुए इसे अपार पर्यटन संभावनाओं वाला क्षेत्र बताया और इसके समुचित विकास की आवश्यकता पर जोर दिया।




