मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना: छत्तीसगढ़ के गंभीर मरीजों को ₹25 लाख तक की संजीवनी, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संजीवनी बनकर सामने आई है। योजना के तहत दुर्लभ एवं गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब अधिकतम ₹25 लाख तक की सहायता राशि दी जा रही है, जो देश के अन्य राज्यों की तुलना में सर्वाधिक मानी जा रही है।
नन्ही कृतिका को मिला नया जीवन
इस योजना की सफलता का जीवंत उदाहरण जिले की निवासी नन्ही कृतिका निषाद हैं। कृतिका की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए। विभाग द्वारा त्वरित पत्राचार कर फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम में उच्च स्तरीय इलाज हेतु ₹16,50,000 की राशि स्वीकृत की गई। इस आर्थिक सहायता से न केवल कृतिका को समय पर समुचित इलाज मिला, बल्कि उसके परिवार को आर्थिक संकट से भी राहत मिली।
अब तक करोड़ों की सहायता स्वीकृत
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार योजना के तहत अब तक 54 गंभीर मामलों में कुल ₹2,04,12,134 की सहायता राशि स्वीकृत व वितरित की जा चुकी है। इस सहायता का उपयोग लिवर एवं किडनी ट्रांसप्लांट, कैंसर, हृदय रोग सहित अन्य जटिल और महंगे उपचारों में किया गया है।
मुख्यमंत्री का संकल्प
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी नागरिक केवल धन के अभाव में इलाज से वंचित न रहे। यही इस योजना की प्राथमिक भावना है। जिन परिवारों के लिए आयुष्मान भारत या अन्य बीमा योजनाओं की सीमा समाप्त हो चुकी है, अथवा जिनकी बीमारी का खर्च सामान्य सीमाओं से कहीं अधिक है, उनके लिए यह योजना आशा की किरण बनकर उभरी है।
पात्र लाभार्थी छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।




