सारंगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, 20 बिस्तरीय मेडिसिन वार्ड और नवीन BPHU भवन का लोकार्पण

प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक उत्तरी जांगड़े समेत जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ लोकार्पण, गंभीर मरीजों को अब जिले में ही मिलेगी बेहतर उपचार सुविधा
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में डीएमएफ मद से निर्मित 20 बिस्तरीय नवीन मेडिसिन वार्ड तथा पीएम अभिम (PM-ABHIM) योजना के तहत निर्मित नवीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) भवन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में सारंगढ़ जिला अस्पताल में नए अधोसंरचनात्मक विकास से मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
लोकार्पण कार्यक्रम में जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे एवं अस्पताल के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
नवीन 20 बिस्तरीय मेडिसिन वार्ड के शुरू होने से जिला अस्पताल में मरीजों के लिए भर्ती क्षमता बढ़ेगी। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए रायगढ़, बिलासपुर अथवा अन्य बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी। गंभीर निमोनिया, हृदय संबंधी बीमारियों, अनियंत्रित मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा विभिन्न मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जिला अस्पताल में ही उपचार और निगरानी की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
नए वार्ड के संचालन से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को राहत मिलेगी। गंभीर स्थिति में मरीजों को समय पर भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त खर्च तथा दूसरे शहरों में उपचार के लिए होने वाली परेशानी से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं पीएम अभिम योजना के अंतर्गत निर्मित नवीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भवन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन, निगरानी और सार्वजनिक स्वास्थ्य गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। जिले में प्राथमिक एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर समन्वय के लिए यह भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिला अस्पताल में लगातार हो रहे अधोसंरचनात्मक विस्तार को लेकर स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आधुनिक सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल में उपचार सुविधाओं के विस्तार के साथ विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन और सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का कार्य लगातार जारी है। नए वार्ड और BPHU भवन के लोकार्पण से जिला अस्पताल की क्षमता में वृद्धि के साथ क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद बढ़ी है।




