वार्षिकोत्सव व विदाई समारोह में भावनाओं का संगम, संजय भूषण पाण्डेय ने बच्चों को दिया उज्ज्वल भविष्य का संदेश, पढ़े पूरी खबर,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़।
विद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव सह विदाई समारोह भावनाओं और उत्साह का अनूठा संगम बन गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन स्कूली जीवन का सबसे भावपूर्ण क्षण होता है, जहां एक ओर उपलब्धियों का जश्न मनाया जाता है तो वहीं दूसरी ओर विदाई का भाव भी मन को छू जाता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की अंतर्निहित प्रतिभा को सम्मान देने, सुनहरी यादों को संजोने और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर विदा करने का एक भावनात्मक एवं सांस्कृतिक अवसर होते हैं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग और मनमोहक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम हमें जीवन के निरंतर आगे बढ़ते रहने का संदेश देते हैं।
संजय भूषण पाण्डेय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विद्यालय से विदा लेने के बाद भी यहां की शिक्षा, संस्कार और संस्कृति जीवनभर उनके साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि भले ही छात्र अलग-अलग राहों पर आगे बढ़ेंगे, लेकिन यादों की डोर उन्हें हमेशा जोड़े रखेगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और निरंतर बेहतर करने का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के आशीर्वाद से ही जीवन में ऊंचाइयों को प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों और शिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधान पाठक, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं अभिभावक उपस्थित रहे।




