छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

गुरु नानक जयंती के शासकीय अवकाश के चलते अब 25 नवंबर को होगा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, पढ़े पूरी खबर,,,,

24 नवंबर को निर्धारित कार्यक्रम की तिथि में बदलाव, जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक गर्भवती महिलाओं को मिलेगी स्वास्थ्य जांच की सुविधा

सारंगढ़। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले विशेष स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम की तिथि में बदलाव किया गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम 24 नवंबर 2026 को आयोजित होना था, लेकिन इस दिन गुरु नानक जयंती के अवसर पर शासकीय अवकाश होने के कारण अब यह कार्यक्रम 25 नवंबर 2026, बुधवार को आयोजित किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के सभा कक्ष में किया जाएगा। कार्यक्रम का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल है, जिसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व जांच, समय पर स्वास्थ्य संबंधी सलाह और संभावित जोखिमों की पहचान की सुविधा उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से गर्भावस्था के दूसरे और तीसरे तिमाही में महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने पर जोर दिया जाता है।

इस अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन करने, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान करने तथा जरूरत के अनुसार उचित उपचार एवं चिकित्सकीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। समय पर जांच होने से गर्भावस्था के दौरान होने वाली संभावित जटिलताओं को पहचानकर उनका उपचार किया जा सकता है।

जिला चिकित्सालय प्रबंधन की ओर से गर्भवती महिलाओं से अपील की गई है कि वे संशोधित तिथि के अनुसार 25 नवंबर को जिला चिकित्सालय सारंगढ़ पहुंचकर अभियान का लाभ उठाएं। महिलाओं के सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु के जन्म की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़