जंगली सुअर के मांस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, डॉग स्क्वॉयड की मदद से वन विभाग ने किया शिकार का खुलासा, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। वन्यजीवों के अवैध शिकार और वन्यप्राणी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में वन विभाग की टीम ने ग्राम सेमरा पाली में जंगली सुअर के शिकार का मामला उजागर करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने मौके से जंगली सुअर का मांस और बाल भी बरामद कर जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यजीवों का अवैध शिकार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम सेमरा पाली में एक जंगली सुअर का शिकार किया गया है और उसका मांस घर में रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की पुष्टि और साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉयड की भी मदद ली गई। इसके बाद टीम ने संबंधित स्थान पर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जंगली सुअर का मांस और बाल बरामद हुए, जिन्हें नियमानुसार जब्त कर लिया गया।
वन विभाग ने मामले में तत्काल वन अपराध प्रकरण क्रमांक 4923/19, दिनांक 21 नवंबर 2026 दर्ज किया। वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान वन विभाग की टीम ने मामले में संलिप्तता के आधार पर भेष कुमार थुरिया एवं युवराज उर्फ मोहन पटेल को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें माननीय न्यायालय सारंगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वन विभाग अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहा है, ताकि जंगली सुअर के शिकार की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि वन्यजीवों का शिकार करना कानूनन गंभीर अपराध है। जंगली जानवरों का संरक्षण वन और पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद आवश्यक है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार, उनके अंगों एवं मांस के अवैध संग्रहण और वन्यजीव अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




