एसपी कार्यालय से अब नए केंद्र तक: हर शनिवार होगी काउंसलिंग, टूटते रिश्तों को जोड़ेगा ‘एकत्व परिवार परामर्श केंद्र, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

एसपी कार्यालय से नए केंद्र तक सफर, अब हर शनिवार सुलझेंगे पारिवारिक विवाद
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
’सारंगढ़। जिले में पारिवारिक विवादों के समाधान को लेकर एक नई और सशक्त पहल की शुरुआत हुई है। अब तक एसपी कार्यालय में संचालित होने वाला परिवार परामर्श कार्य ‘एकत्व परिवार परामर्श केंद्र’ के रूप में विस्तारित कर दिया गया है, जहां हर सप्ताह शनिवार को नियमित काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने इस केंद्र का शुभारंभ करते हुए इसे सामाजिक समरसता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

एसडीओपी कार्यालय के समीप स्थापित इस केंद्र में अब पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और गोपनीय समाधान किया जाएगा। पहले सीमित संसाधनों के बीच एसपी कार्यालय में यह कार्य किया जा रहा था, लेकिन बढ़ती जरूरत को देखते हुए इसे अलग और सुसज्जित केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में संयुक्त परिवारों का विघटन और एकल परिवार की बढ़ती प्रवृत्ति रिश्तों में दरार पैदा कर रही है। ऐसे में यह केंद्र पंचायत की तरह मध्यस्थ बनकर परिवारों को टूटने से बचाने का काम करेगा।

पुलिस अधीक्षक आंजनेय वैष्णव ने बताया कि पहले एसपी कार्यालय में चल रही काउंसलिंग से अब तक 28 परिवारों को टूटने से बचाया जा चुका है। अब नए केंद्र में और बेहतर व्यवस्था के साथ इस कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर शनिवार को नियमित काउंसलिंग के माध्यम से पीड़ित पक्षों को सुनकर आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

एडिशनल एसपी निमिषा पांडे ने कहा कि छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करना और संवाद बनाए रखना ही रिश्तों को मजबूत बनाता है। उन्होंने नशाखोरी को भी पारिवारिक विवादों का बड़ा कारण बताते हुए लोगों से अपील की कि वे समस्याओं को बढ़ाने के बजाय परामर्श केंद्र का सहारा लें।
कार्यक्रम में पांच नए परामर्शदाताओं—मधु केजरीवाल, पूनम शर्मा, शीला अग्रवाल, आशा अग्रवाल और शशिकला अग्रवाल को जोड़ा गया, जबकि अनुभवी परामर्शदाता अनुपमा केसरवानी और श्रीमती ठाकुर अपनी सेवाएं देती रहेंगी। कार्यक्रम के संचालन में एसडीओपी स्नेहिल साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उद्घाटन के दौरान ही परामर्शदाता समिति ने एक परिवार के विवाद का मौके पर समाधान कर उन्हें पुनः एकजुट किया, जो इस पहल की सार्थकता को दर्शाता है। अब ‘एकत्व परिवार परामर्श केंद्र’ जिले में पारिवारिक समस्याओं के समाधान का एक भरोसेमंद मंच बनकर उभरेगा, जहां हर शनिवार को नियमित काउंसलिंग के जरिए रिश्तों में नई उम्मीद जगाई जाएगी।




