एक्टिविटी-बेस्ड लर्निंग से चमके पदुम सिदार, ‘उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान’ से हुए सम्मानित

डाइट धरमजयगढ़ के शिक्षक सम्मान समारोह में मिला गौरव, डांस और गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाने की अनूठी पहल
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़।शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए सारंगढ़ के शिक्षक पदुम सिदार को ‘उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान’ से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें डाइट धरमजयगढ़ में आयोजित ‘शिक्षक सम्मान समारोह 2025-26’ के दौरान 22 मार्च 2026 को प्रदान किया गया।
शासकीय प्राथमिक विद्यालय छातादेई (सारंगढ़) के प्रधान पाठक पदुम सिदार को यह सम्मान उनके प्रभावी शिक्षण तरीकों और बच्चों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए दिया गया। वे लंबे समय से एक्टिविटी-बेस्ड लर्निंग के जरिए बच्चों को पढ़ाने का कार्य कर रहे हैं, जिससे छात्रों की सीखने में रुचि और भागीदारी दोनों बढ़ी है।
विशेष बात यह है कि श्री सिदार बच्चों को ‘डांस’ और ‘नृत्य’ जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विषयों को सरल और रोचक तरीके से समझाते हैं। उनके इस नवाचार को जिला स्तर पर भी सराहा गया है।
इसके अलावा, वे एक कुशल मास्टर ट्रेनर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे शिक्षकों को एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) और पाठ्यपुस्तक आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।




