कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सारंगढ़ कलेक्ट्रोरेट में किया ध्वजारोहण, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

कलेक्टर सभाकक्ष में अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी एवं विचारों की प्रस्तुति
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सारंगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सुबह 8 बजे भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात कलेक्टर सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति गीतों और अपने विचारों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में आपसी सौहार्द और देशभक्ति की भावना देखने को मिली।
लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण ही सच्ची देशभक्ति
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक दिन आजादी का जश्न मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि हमें प्रतिदिन अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए आजादी का उत्सव मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवक के रूप में आम नागरिकों की सेवा करना और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि कलेक्ट्रेट अथवा किसी भी शासकीय कार्यालय में जब कोई नागरिक अपनी समस्या या आवेदन लेकर आए, तो उसके आवेदन का गंभीरता से अवलोकन किया जाए। पात्र हितग्राहियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा नागरिकों को जो अधिकार दिए गए हैं, उनका प्रभावी ढंग से उपयोग करते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करना चाहिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का भी प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
समाज कल्याण अधिकारी ने प्रस्तुत किया देशभक्ति गीत
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान समाज कल्याण अधिकारी विनय तिवारी ने देशभक्ति गीत ‘दिल दिया है, जान भी देंगे’ प्रस्तुत किया। गीत की प्रस्तुति से सभाकक्ष में देशभक्ति का माहौल बन गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
समारोह के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वतंत्रता, राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का उद्देश्य शासकीय सेवकों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और आम नागरिकों के प्रति सेवा भावना को और मजबूत करना रहा।




