2028 में सारंगढ़ की दोनों सीटों पर भाजपा की जीत तय: मंजूषा भगत,पढ़े पूरी खबर,,,,

केंद्रीय बजट महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अहम—वैजयंती लहरे
सारंगढ़। भाजपा महिला मोर्चा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिलाध्यक्ष श्रीमती वैजयंती नंदू लहरे के नेतृत्व में जिला भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट संवाद पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अंबिकापुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत रहीं।
विशिष्ट अतिथि एवं वक्ता के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता जगन्नाथ केशरबानी, भुवन मिश्रा, अजय जवाहर नायक, मनोज जायसवाल, देवेंद्र रात्रे, सांसद प्रतिनिधि अरुण यादव गुड्डू तथा जिपं सदस्य अनिल शिव कुमारी साहू उपस्थित थे। इसके अलावा महिला मोर्चा की 10 मंडल अध्यक्षों सहित 500 से अधिक महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंजूषा भगत ने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सारंगढ़ जिले की दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही जीत का मूल मंत्र है और इसी संदेश को लेकर वे यहां आई हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय बजट 2026-27 पर एक दिवसीय व्यापक चर्चा की गई। मंजूषा भगत ने बजट की प्रमुख घोषणाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने ‘लखपति दीदी’, स्व-सहायता समूहों और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त प्रावधान किए हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने इसे महिलाओं के लिए उपयोगी और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला बजट बताया।
जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती वैजयंती नंदू लहरे ने कहा कि यह बजट अमृतकाल में विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला साबित होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने इसे महिलाओं को नई दिशा देने वाला बजट बताते हुए कहा कि इससे अधिकारों और सशक्तिकरण को बल मिलेगा। वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल ने केंद्रीय बजट 2026 को महिला सशक्तिकरण का नया आयाम बताते हुए कहा कि नारी शक्ति का उत्थान ही नए भारत की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की 500 से अधिक पदाधिकारियों और सदस्यों को मुख्य अतिथि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने श्रीफल और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। प्रेस वार्ता में करीब 20 पत्रकारों के सवालों का मंजूषा भगत ने संतुलित जवाब दिया। अंत में सभी पदाधिकारियों और उपस्थित सदस्यों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।




