छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

जिले में सड़क सुरक्षा का संकल्प: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का व्यापक आयोजन, पढ़े पूरी खबर,,,,,

हेलमेट रैली से लाइसेंस शिविर तक, सड़क सुरक्षा माह में चला व्यापक अभियान

सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। माह का शुभारंभ 01 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय (भापुसे) के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा एवं एसडीपीओ सारंगढ़ श्रीमती स्नेहिल साहू के मार्गदर्शन में यातायात टीम द्वारा भारत माता चौक में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य, पत्रकारगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जहां प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो दिखाकर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले भर में नुक्कड़ नाटक, बाजार, स्कूल, कॉलेज, बैंक, यात्री प्रतीक्षालय एवं प्रमुख चौक-चौराहों में पाम्पलेट वितरण व पोस्टर के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए मोटरसाइकिल हेलमेट रैली भी निकाली गई।

यातायात पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए, जिनमें लगभग 2500 से 3000 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने यातायात सुरक्षा की जानकारी प्राप्त की और स्वयं नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान रंगोली, निबंध लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेताओं को सम्मानित किया गया।

यातायात नियमों का नियमित रूप से पालन करने वाले नागरिकों को ट्रैफिक पुलिस द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए। सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित पुलिस सहायता केंद्र में ऑटो, बस, ट्रक एवं कार चालकों को यातायात नियमों के पालन, सीट बेल्ट के उपयोग तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाने की शपथ दिलाई गई।

स्वास्थ्य विभाग एवं रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर देने का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं दानसरा बायपास मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर ट्रक, बस, पिकअप एवं माजदा जैसे भारी वाहनों के चालकों का नेत्र परीक्षण, शुगर एवं बीपी जांच की गई, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

इसी कड़ी में सारंगढ़ खेलभांठा मैदान में लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 650 लोगों ने लर्निंग लाइसेंस बनवाया। पुलिस विभाग एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में राहगीरों को हेलमेट का वितरण किया गया तथा सड़क पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं को रिफ्लेक्टर बेल्ट भी लगाई गई।

यातायात सेल द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई भी की गई।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन जिला कलेक्टर डॉ. संजय कनौजे, पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा, एसडीपीओ स्नेहिल साहू, उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस, यातायात सेल, थाना कोतवाली, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष एवं स्कूली छात्रों की उपस्थिति में किया गया। समापन अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए, ट्रैफिक मित्रों व यातायात कर्मियों को सम्मानित किया गया तथा पूरे वर्ष यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़