छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

सारंगढ़ को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने की अहम बैठक

सफाई, सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण पर प्रशासन का सख्त रुख

सारंगढ़। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने एसपी श्री आँजनेय वैर्ष्णेय के साथ कलेक्टोरेट सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और बढ़ते अतिक्रमण पर गहन चर्चा की गई।

“नागरिकों और प्रशासन का सहयोग ही करेगा सारंगढ़ का समग्र विकास

बैठक में कलेक्टर ने चेम्बर ऑफ कामर्स के पदाधिकारियों, स्थानीय पत्रकारों और वरिष्ठ नागरिकों से शहर के विकास पर राय ली। कलेक्टर ने कहा, “शहर का समग्र विकास तभी संभव है जब प्रशासन और नागरिक मिलकर काम करें।”

तीन माह में सारंगढ़ की बदली तस्वीर, प्रशासन के प्रयास रंग ला रहे हैं

कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने पिछले तीन महीनों में शहर में हुए सकारात्मक बदलावों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शहर की सड़कों और विद्युत आपूर्ति में सुधार के साथ-साथ प्रशासन ने अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर किया है, जिससे नागरिकों को राहत मिल रही है।

सफाई व्यवस्था में सख्ती, नगर पालिका को मिली नई जिम्मेदारी
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने नगर पालिका को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और अधिकारियों की निगरानी नियमित हो। कलेक्टर ने नगरवासियों से भी शहर की सफाई में सहयोग की अपील की।

शहर के सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण पर कलेक्टर की बड़ी पहल
सारंगढ़ के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सौंदर्यीकरण के कार्य जरूरी हैं। इसके अलावा, अतिक्रमण हटाने की दिशा में प्रशासन सख्ती से कदम उठाने का फैसला किया है।

आर्थिक समृद्धि के लिए सटीक उपाय, वरिष्ठ पत्रकार ने सुझाए समाधान
वरिष्ठ पत्रकार भरत अग्रवाल ने नगरपालिका की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि नगरपालिका यदि अपनी संपत्तियों का सही तरीके से उपयोग करे, तो आय में काफी वृद्धि हो सकती है। उन्होंने पुलिस द्वारा जप्त वाहनों की नीलामी, कबाड़ की बिक्री और किराया संवर्धन जैसे उपायों की पेशकश की।

अतिक्रमण पर कलेक्टर की चेतावनी: कोई भी अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा

कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। व्यापारियों और नागरिकों से अपील है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन को कठोर कदम उठाने होंगे।”

सारंगढ़ को आदर्श शहर बनाने के लिए हर वर्ग का सहयोग जरूरी

बैठक के अंत में कलेक्टर ने सारंगढ़ को एक आदर्श और मॉडल शहर बनाने के लिए सभी वर्गों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी सुझावों के आधार पर ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी, ताकि शहर के विकास में कोई कमी न रहे।

बैठक में शामिल लोग
इस बैठक में एसपी आँजनेय वैष्णव, अपर कलेक्टर निमिषा पांडेय, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी,पत्रकार, और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़