छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

अपराधियों पर भारी एसपी आँजनेय वैष्णेय, महिला अपराधों में आई उल्लेखनीय गिरावट,पढ़े पूरी खबर,,,,

सारंगढ़–
जिले में पुलिस अधीक्षक आँजनेय वैष्णेय के सशक्त, संवेदनशील और अपराध-निरोधक नेतृत्व का असर अब ज़मीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। विशेषकर महिलाओं से जुड़े अपराधों में दर्ज की गई उल्लेखनीय गिरावट ने यह साबित कर दिया है कि जिले की महिलाएं और बालिकाएं अब स्वयं को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

पुलिस विभाग द्वारा जारी अपराध आँकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराधों में बड़ी कमी दर्ज की गई है, जो जिले में कानून-व्यवस्था के सुदृढ़ होने का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।

बलात्कार के मामलों में 19 प्रतिशत की कमी
आँकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में जिले में बलात्कार के 22 प्रकरण दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 18 रह गई। यह 19 प्रतिशत की गिरावट महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई को दर्शाती है।

शीलभंग के मामलों में भी गिरावट
महिलाओं के सम्मान से जुड़े शीलभंग के मामलों में भी कमी आई है। वर्ष 2024 में 27 प्रकरण दर्ज हुए थे, जबकि वर्ष 2025 में 24 प्रकरण सामने आए, जिससे लगभग 22 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

घरेलू प्रताड़ना पर सख्त कार्रवाई
पति एवं उसके रिश्तेदारों द्वारा प्रताड़ना के मामलों में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली है। वर्ष 2024 में 17 प्रकरण, जबकि वर्ष 2025 में केवल 9 प्रकरण दर्ज हुए। यह लगभग 47 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी पुलिस की सख्त कार्रवाई और महिला-हितैषी दृष्टिकोण का परिणाम मानी जा रही है।

स्कूली छात्राओं ने जताया आभार
जिले के विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक आँजनेय वैष्णेय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे निडर होकर स्कूल-कॉलेज आ-जा सकती हैं। पुलिस गश्त, त्वरित सुनवाई और महिला हेल्पलाइन की सक्रियता से उनमें सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है।

अपराधियों में पुलिस का भय, जनता में भरोसा
एसपी आँजनेय वैष्णेय के निर्देश पर लगातार कार्रवाई, सीसीटीवी नेटवर्क का विस्तार, महिला सुरक्षा अभियान और संवेदनशील पुलिसिंग के चलते अपराधियों में पुलिस का भय स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। आमजन का कहना है कि वे “अपराधियों पर भारी एक अधिकारी” के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।

महिला सुरक्षा को लेकर किए गए इन ठोस प्रयासों से जिले की जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। जानकारों का मानना है कि यदि इसी तरह सतत और सख्त कार्रवाई जारी रही, तो आने वाले समय में अपराधों में और भी गिरावट दर्ज होगी।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़