मां के नाम पर लगाया पौधा, बच्चों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, पढ़े पूरी खबर,,,,

साराडीह। शासकीय प्राथमिक शाला साराडीह में एक अनोखी पहल की शुरुआत की गई। प्रधान पाठक श्री रमाशंकर साहू के मार्गदर्शन में बच्चों और उनके परिजनों ने मिलकर मां के नाम पर पौधारोपण किया। इस मौके पर आम, अमरूद, कटहल और मुनगा के पौधे लगाए गए।
प्रधान पाठक साहू ने बच्चों को संकल्प दिलाया कि हर छात्र अपने घर में एक-एक पौधा लगाएगा और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद निभाएगा। पौधों की मॉनिटरिंग हर माह प्रधान पाठक करेंगे और वार्षिक परीक्षा से पहले बच्चों को विशेष अवलोकन कराया जाएगा।
अंक और पुरस्कार से जोड़ा गया अभियान
इस अभियान को बच्चों की पढ़ाई से भी जोड़ा गया है। पौधों की देखरेख और अवलोकन के आधार पर बच्चों को वार्षिक परीक्षा में 10 विशेष अंक दिए जाएंगे। साथ ही विदाई सह सम्मान समारोह में मेडल देकर पुरस्कृत भी किया जाएगा। हर वर्ष पौधों की प्रगति का आकलन मां के साथ तस्वीर लेकर किया जाएगा और सफल बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
जन्मदिन पर भी होगा पौधारोपण
अभियान के अगले चरण में बच्चों के जन्मदिन पर उनके घर में एक पौधा लगाया जाएगा। उसकी देखरेख की जिम्मेदारी परिवार और बच्चों के साथ शिक्षक भी निभाएंगे।
प्रधान पाठक साहू ने कहा, पर्यावरण संरक्षण सिर्फ नारा नहीं बल्कि जीवन जीने का तरीका होना चाहिए। अगर बचपन से ही बच्चों में पेड़-पौधों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी, तो भविष्य में धरती को बचाना आसान होगा। हमारी यह पहल बच्चों और समाज को पर्यावरण से जोड़ने की दिशा में छोटा मगर मजबूत कदम है।”*




