टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों का सम्मान, संजय भूषण पांडे ने लिया जिले को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

टीबी मुक्त पंचायतों से बढ़ा हौसला, अब पूरा जिला टीबी मुक्त बनाने का संकल्प
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़ | । सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत श्री ओम होटल में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे रहे। अध्यक्षता कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने की। कार्यक्रम में एसपी सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ, सीएमएचओ, बीएमओ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और मितानिन बहनें उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के वीडियो संदेश से हुई। उन्होंने टीबी उन्मूलन के लिए गांव-गांव जाकर जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
संजय भूषण पांडे ने कहा कि जिले की टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों की उपलब्धि गर्व की बात है। यह मितानिनों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, सरपंचों और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टीबी अब लाइलाज नहीं है। इसकी जांच और उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है। निक्षय पोषण योजना के तहत मरीजों को प्रतिमाह 500 रुपये की सहायता भी दी जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि दो सप्ताह से अधिक खांसी होने पर तत्काल जांच कराएं और टीबी मरीजों के साथ भेदभाव न करें। श्री पांडे ने स्वयं पांच टीबी मरीजों का निक्षय मित्र बनने की घोषणा की तथा जनप्रतिनिधियों और सक्षम नागरिकों से भी मरीजों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य पूरा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला टीबी मुक्त बनाना है। अंत में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और मितानिनों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।




