Letest Newsछत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

धान खरीदी केंद्र की दूरी को लेकर किसानों में आक्रोश, सुवरगुड़ा के किसानों ने दी सड़क जाम की चेतावनी, पढ़े पूरी खबर,,,,

सारंगढ़। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में धान खरीदी केंद्रों का विस्तार किया गया है, ताकि किसानों को अपने नजदीकी केंद्रों में धान बेचने की सुविधा मिल सके। लेकिन वनांचल क्षेत्र के ग्राम सुवरगुड़ा के किसानों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसे लेकर किसानों में भारी नाराजगी है।

दरअसल, ग्राम भड़ीसार में नया धान खरीदी केंद्र शुरू होने के बावजूद सुवरगुड़ा के किसानों को धान बेचने के लिए लगभग 7 किलोमीटर दूर केड़ार जाना पड़ेगा, जबकि सुवरगुड़ा से भड़ीसार की दूरी महज 3 किलोमीटर है। ऐसे में किसानों का कहना है कि उनके लिए भड़ीसार धान खरीदी केंद्र अधिक सुविधाजनक और नजदीक है। इसके बावजूद उन्हें वहां धान बेचने की अनुमति नहीं मिल रही है।

किसानों ने आरोप लगाया है कि दूरी निर्धारण में वास्तविक स्थिति के विपरीत जानकारी दर्शाई गई है। उनके अनुसार, सुवरगुड़ा से भड़ीसार की दूरी 7 किलोमीटर और केड़ार की दूरी 3 किलोमीटर बताई गई है, जबकि वास्तविकता इसके उलट है। किसानों ने आशंका जताई है कि इस तरह की व्यवस्था के पीछे कुछ लोगों का स्वार्थ हो सकता है, जिससे वास्तविक किसानों को परेशानी उठानी पड़े और धान खरीदी व्यवस्था का लाभ दूसरे लोग उठा सकें।

इसी समस्या को लेकर ग्राम सुवरगुड़ा के किसान आज थाना सारंगढ़ पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। किसानों की स्पष्ट मांग है कि ग्राम सुवरगुड़ा को भड़ीसार धान खरीदी केंद्र से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें कम दूरी तय कर आसानी से धान बिक्री करने की सुविधा मिल सके।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में सारंगढ़-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम छिंद के पास चक्काजाम किया जाएगा। किसानों ने कहा कि इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

अब देखना होगा कि किसानों की इस जायज मांग पर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग कब तक संज्ञान लेते हैं और उन्हें नजदीकी धान खरीदी केंद्र की सुविधा मिल पाती है या नहीं।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़