छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

सेवा संकल्प अभियान में पुलिस ने बस स्टैंड पर चलाया यातायात जागरूकता अभियान, 100 हेलमेट बांटे

जान है तो जहान है, घर से निकलें तो हेलमेट पहनकर निकलें : संजय भूषण पांडे

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन 🖊️🖊️🖊️🖊️

सारंगढ़ | । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को सारंगढ़ बस स्टैंड में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान नागरिकों, पत्रकारों एवं वाहन चालकों को 100 हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी एलएन पटेल, एसडीएम सारंगढ़ उमेश साहू, एसडीओपी सारंगढ़ सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मंचस्थ रहे। अतिथियों का सम्मान किए जाने के बाद वक्ताओं ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन करने तथा दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की।

नुक्कड़ नाटक से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

कार्यक्रम के दौरान सीपीएम कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं से बचाव, हेलमेट के महत्व तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की थीम पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति गंभीर होने का संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना की।

वहीं छत्तीसगढ़ लोक कला मंच पंडरीपाली के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपरा से जुड़ी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। ‘मोर धरती दाई के अंचरा’ सहित ‘अरपा पैरी के धार’ जैसे गीतों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की रंगत भर दी।

हेलमेट पहनना सुरक्षा की पहली जिम्मेदारी

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि ‘जान है तो जहान है।’ जब भी घर से बाहर निकलें, हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं। वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार का नशा न करें और सड़क पर हमेशा नियंत्रित गति से वाहन चलाएं।

उन्होंने कहा कि जल्दबाजी और लापरवाही कई बार परिवारों के लिए जीवनभर का दुख बन जाती है। इसलिए स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है। हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने के लिए आवश्यक सुरक्षा कवच है।

पुलिस ने किया यातायात नियमों के पालन का आह्वान

कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों एवं नागरिकों को हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने आभार प्रदर्शन करते हुए नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम जनजागरूकता के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी दे गया।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़