छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

गंगरेल बांध से पानी छोड़ने के बाद महानदी का जलस्तर बढ़ा, सारंगढ़ जिला प्रशासन अलर्ट, पढ़े पूरी

कलेक्टर ने नदी किनारे एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के दिए निर्देश

कलमा बैराज में जलस्तर बढ़कर 194.700 मीटर पहुंचा, फिलहाल खतरे के निशान से नीचे

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़ | धमतरी जिले के गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। महानदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासन द्वारा नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


गंगरेल बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश तथा जलभराव की स्थिति को देखते हुए बांध से महानदी में पानी छोड़ा गया है। इसका असर महानदी के जलस्तर पर दिखाई देने लगा है। नदी का पानी बढ़ने के साथ ही तटीय क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ गई है। प्रशासन द्वारा लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में महानदी से जुड़े क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से स्थिति की निगरानी की जा रही है। राजस्व, पुलिस, आपदा प्रबंधन सहित संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। नदी किनारे के संवेदनशील स्थानों पर नजर रखने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मैदानी अमले को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि महानदी के जलस्तर में बढ़ोतरी को लेकर लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। जलस्तर में यदि और वृद्धि होती है तो निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में ग्रामीणों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
इधर, नदी किनारे बसे गांवों में भी लोग महानदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी तरह की आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है। जिला प्रशासन की टीम स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है और आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़