छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल पर एक माह चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सेवा, जनजागरूकता और जनभागीदारी के कार्यक्रम : अभिषेक शुक्ला

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़ | नईदुनिया प्रतिनिधि। भाजपा जिला कार्यालय चंदाई में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा संभाग सह प्रभारी बिलासपुर अभिषेक शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह तक विभिन्न सेवा, जनजागरूकता, जनसंवाद और जनभागीदारी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का मुख्य संदेश ‘जनसेवा ही प्रभु सेवा’ रहेगा।

अभिषेक शुक्ला ने कहा कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है, लेकिन इस बार विशेष संयोग है कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी कारण इस वर्ष सेवा पखवाड़े को विस्तार देते हुए एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों को जनता तक पहुंचाने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार देश और समाज की सेवा को अपना ध्येय बनाया। शुक्ला ने कहा कि गरीबों को गरीबी से बाहर लाने, करोड़ों लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने, शौचालय निर्माण, गरीबों के आवास, कोरोना काल में मुफ्त टीकाकरण सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, सामाजिक, सुरक्षा, अधोसंरचना, कृषि, रक्षा और अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। भारत की वैश्विक स्तर पर पहचान और सम्मान बढ़ा है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री को मिले 37 अंतरराष्ट्रीय सम्मान केवल नरेंद्र मोदी का सम्मान नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के पुरुषार्थ का सम्मान है।

शुक्ला ने कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ देश की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा को मजबूत किया गया है। वहीं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास के क्षेत्र में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, सोमनाथ और महाकाल कॉरिडोर जैसे कार्यों को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में स्टार्टअप और यूनिकॉर्न को बढ़ावा दिया गया है। खेल के क्षेत्र में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों से युवाओं की भागीदारी बढ़ी है।

उन्होंने महिला सशक्तीकरण को लेकर कहा कि अब केवल ‘वुमेन डेवलपमेंट’ की बात नहीं, बल्कि ‘वुमेन लेड डेवलपमेंट’ की दिशा में काम किया जा रहा है। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से लेकर ‘लखपति दीदी’ और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ तक महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने के प्रयास किए गए हैं।

अभिषेक शुक्ला ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने नर्मदा बांध, ज्योतिग्राम योजना और वाइब्रेंट गुजरात जैसे प्रयासों के माध्यम से विकास का मॉडल प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री बनने के बाद आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और स्पेस सेक्टर में सुधार जैसे कार्यों को आगे बढ़ाया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच केवल विकास तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश की सोच में भी परिवर्तन आया है। गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को विकास की प्राथमिकता में शामिल किया गया। सीमावर्ती गांवों को ‘अंतिम गांव’ कहने के बजाय ‘प्रथम गांव’ की संज्ञा देकर वहां विकास और संपर्क को प्राथमिकता दी गई।

17 सितंबर को रक्तदान से होगी अभियान की शुरुआत

भाजपा नेता ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसमें युवा और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम होगा। इसके तहत परिवारों और विशेषकर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दीप जलाए जाएंगे। इसे विकसित भारत 2047 के संकल्प से भी जोड़ा जाएगा।

2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। वहीं 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देने की योजना है।

गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’

अभियान के दौरान ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को नाट्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों और माताओं के साथ पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी।

इसी तरह ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता और बदलाव की कहानियों को सामने लाया जाएगा।

7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा

शुक्ला ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित की जाएगी। विभिन्न गांवों और क्षेत्रों को जोड़ते हुए यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी तथा विकसित भारत 2047 का संकल्प लिया जाएगा। सुविधानुसार पैदल यात्रा या बाइक रैली भी आयोजित की जाएगी। देश के सभी जिला मुख्यालयों सहित करीब एक हजार स्थानों पर सामूहिक संकल्प कार्यक्रम होंगे।

वडनगर से काशी तक युवा निकालेंगे सेवा यात्रा

युवा मोर्चा के माध्यम से वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में 10 टोलियां शामिल होंगी और प्रत्येक टोली में करीब 50 युवा रहेंगे। हाटकेश्वर महादेव, वडनगर और काशी विश्वनाथ, वाराणसी में जलाभिषेक के साथ यात्रा की शुरुआत होगी। करीब 20 दिनों तक चलने वाली यात्रा लगभग 10 राज्यों से होकर गुजरेगी। इस दौरान गांवों में चौपाल, आंगनवाड़ी केंद्रों, किसानों और युवा क्लबों के साथ संवाद कर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और जनता का फीडबैक लिया जाएगा।

25 मिनट श्रमदान की होगी अपील

‘सेवा : मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच 25 अलग-अलग थीम पर जनभागीदारी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की जाएगी। इसका उद्देश्य आम लोगों को देश के विकास में प्रत्यक्ष भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

ब्लॉक स्तर पर लगेंगे ‘सेवा सेतु’ शिविर

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों के आवेदन लिए जाएंगे और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविरों सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी इन शिविरों में दी जाएगी।

इसके अलावा ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में सार्वजनिक स्थलों पर मानव समूहों के माध्यम से रंगोली तैयार कर जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें महिला स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों, कलाकारों सहित व्यापक जनभागीदारी होगी।

युवाओं के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’

अभिषेक शुक्ला ने बताया कि युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और कॉरपोरेट इनोवेटर्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। राज्यों में इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से प्रतिभाओं का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अवसर दिया जाएगा। लाइव प्रदर्शनी, डेमो और युवा संवाद के साथ विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों के साथ होगा ‘सुशासन संवाद’

अभियान के अंतिम प्रमुख कार्यक्रम के रूप में ‘सुशासन संवाद’ आयोजित किया जाएगा। इसमें पंचायत और नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से लेकर विभिन्न स्तर के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता होगी। प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल के अवसर पर जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करने की भी योजना है। ‘विकसित भारत संकल्प प्रस्ताव’ के माध्यम से सरपंच से लेकर उच्च स्तर तक के जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।

अभिषेक शुक्ला ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता की सहभागिता से ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए विकसित भारत 2047 के संकल्प को मजबूत किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिला प्रभारी शंकर लाल अग्रवाल, भाजपा प्रवक्ता वेदराम जांगड़े, जिला महामंत्री अमित तिवारी, प्रकाश अग्रवाल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक थवाईत, उपाध्यक्ष रवि तिवारी, किशोर मनहर, राहुल भारती, गौतम बंजारे, दिलीप टंडन, योगेश कुर्रे, टार्जन महेश, मुकेश जोल्हे, संतोष चौहान, संतोष जायसवाल, सिद्धू खूंटे, मिलन महंत, धीरज बरेठ, कशीष,अशोक मानिकपुरी, हेमंत बंजारे सहित प्रेस क्लब के पत्रकार एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़