फिट इंडिया थीम पर सारंगढ़ में उत्साह के साथ भव्य साइकिल रैली का सफल आयोजन, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़,
खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा फिट इंडिया अभियान और विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर शुक्रवार सुबह सारंगढ़ में भव्य साइकिल रैली का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। यह रैली सुबह 7 बजे विश्राम गृह सारंगढ़ से प्रारंभ होकर कंपोजिट बिल्डिंग तक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

इस अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, ज्योति लाल पटेल, रेडक्रॉस अधिकारी लिंगराज पटेल सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। रैली के दौरान पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने भारत माता की जय और फिट इंडिया के नारों से वातावरण को ऊर्जावान बना दिया।
कंपोजिट बिल्डिंग के पास रैली के समापन पर सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक रूप से पौधरोपण किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों के लिए नाश्ता, छाछ एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की गई थी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में किसी न किसी खेल को अवश्य अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाना और पैदल चलना शरीर को स्वस्थ रखने में अत्यंत सहायक है। साइकिल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने पौधरोपण कर उनके संरक्षण का भी संदेश दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि साइकिल चलाने से शरीर और मस्तिष्क दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक परिस्थितियों एवं ईंधन संकट को देखते हुए लोगों को अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग करना चाहिए। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण एवं उनकी देखभाल पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रभारी एसपी निमिषा पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, एसडीएम वर्षा बंसल, प्रभारी अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण शिक्षा शर्मा सहित कौशल ठेठवार, घनश्याम बंसल, अमित अग्रवाल, मनोज जायसवाल, हरिनाथ खूंटे, गोल्डी नायक, किशोर मनहर, प्रशांत प्रधान सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह साइकिल रैली फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक सहभागिता का एक प्रेरणादायक संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।




