छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी छलांग, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

दो माह में 31 सफल ऑपरेशन, 22 महिलाओं का सुरक्षित सिजेरियन प्रसव; अब मरीजों को नहीं जाना पड़ रहा बाहर

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिल रही है। जिला प्रशासन और अस्पताल प्रशासन के समन्वित प्रयासों से अस्पताल में आधुनिक सर्जिकल सुविधाएं सुदृढ़ हुई हैं, जिससे अब जिले और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर एवं समय पर उपचार मिल रहा है। पिछले दो माह के दौरान अस्पताल में 31 सफल ऑपरेशन किए गए हैं, जिनमें 22 जटिल सिजेरियन (एलएससीएस) प्रसव और 9 अन्य मेजर ऑपरेशन शामिल हैं।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के निरंतर प्रयासों से जिला चिकित्सालय को सप्ताह में दो दिन निश्चेतना (एनेस्थीसिया) विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता के बाद 1 जून 2026 से अस्पताल में सिजेरियन प्रसव और अन्य जटिल सर्जरी की सुविधा नियमित रूप से शुरू की गई। इसके बाद से सर्जिकल मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है और महज 60 दिनों में 31 सफल ऑपरेशन कर अस्पताल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

पहले एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की कमी के कारण गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को ऑपरेशन के लिए रायगढ़, बिलासपुर या निजी अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था। इससे मरीजों के परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था और आपात स्थिति में समय की भी काफी बर्बादी होती थी। अब जिला चिकित्सालय में ही नि:शुल्क और सुरक्षित वातावरण में सिजेरियन प्रसव एवं अन्य सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है और उन्हें दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।

सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि केवल दो माह की अवधि में 31 सफल ऑपरेशन होना जिला चिकित्सालय की पूरी मेडिकल टीम की मेहनत, समर्पण और आमजनों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों की टीम चौबीसों घंटे मरीजों की सेवा में तैनात रहती है, जिससे प्रसूताओं और अन्य गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में आम जनता को उच्चस्तरीय, सुरक्षित और पूरी तरह नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या, दुर्घटना या संस्थागत प्रसव के लिए बिना किसी संकोच के जिला चिकित्सालय आएं और शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़