13 से 18 जुलाई तक जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में होगा HPV वैक्सीन सप्ताह, 14–15 वर्ष की बालिकाओं को लगेगा निःशुल्क टीका, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन 🖊️🖊️🖊️
सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं को निःशुल्क HPV वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को निर्धारित तिथि पर जिला चिकित्सालय लेकर आएं, ताकि उन्हें भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, HPV वैक्सीन एक सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से परीक्षित टीका है, जो गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के साथ-साथ HPV संक्रमण से होने वाले अन्य कैंसर और बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि कम उम्र में यह टीका लगवाने से शरीर में बेहतर प्रतिरक्षा विकसित होती है और भविष्य में कैंसर का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
इन बीमारियों से बचाव में कारगर
HPV वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर के अलावा HPV वायरस से होने वाले योनि, वल्वा, गुदा तथा गले के कैंसर से भी बचाव में सहायक है। यह टीका बालिकाओं के सुरक्षित, स्वस्थ और आत्मविश्वासपूर्ण भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।
निःशुल्क मिलेगी वैक्सीन
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में 13 से 18 जुलाई तक चलने वाले विशेष अभियान के दौरान 14 से 15 वर्ष की सभी पात्र बालिकाओं को यह वैक्सीन पूरी तरह निःशुल्क लगाई जाएगी।
ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
टीकाकरण के लिए बालिका का आधार कार्ड तथा अभिभावक का सहमति पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। स्वास्थ्य विभाग ने बिना सहमति पत्र के टीकाकरण नहीं कराने की बात कही है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों का समय पर HPV टीकाकरण कराएं। विभाग का संदेश है—”आज की वैक्सीन, कल की सुरक्षा” तथा “HPV वैक्सीन : सुरक्षित भविष्य, स्वस्थ नारी।”




