छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

इमली की बोरियों के नीचे छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, डोंगरीपाली पुलिस ने 94 किलो गांजा किया जब्त, पढ़े पूरी खबर,,,,,

दो तस्कर गिरफ्तार, 24.40 लाख रुपये का गांजा, ट्रक और मोबाइल जब्त

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। जिले की डोंगरीपाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इमली से भरे आयशर ट्रक में छिपाकर ले जाए जा रहे 94 किलो गांजा को जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक आयशर ट्रक, तीन मोबाइल फोन सहित कुल 24 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा, शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उप पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ श्रीमती संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे के नेतृत्व में डोंगरीपाली पुलिस ने 29 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर सुहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग स्थित ग्राम डोंगरीपाली मोड़ के पास घेराबंदी की।

इस दौरान ओडिशा के सोहेला की ओर से आ रहे आयशर ट्रक क्रमांक UP 30 DT 5256 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में लगभग 12 टन इमली की बोरियां लदी हुई थीं। बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 94 किलो अवैध गांजा को पुलिस ने बरामद किया।

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक जगत मोदक (52 वर्ष), निवासी आलर गाड़ियाबस्ती, थाना पुटकी, जिला धनबाद (झारखंड) तथा खलासी सुनील बर्मा (40 वर्ष), निवासी पटरादेह, थाना नर्मदापुरम, जिला नर्मदापुरम (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।

24.40 लाख रुपये का सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—

  • 94 किलो गांजा (कीमत लगभग 9.40 लाख रुपये)
  • आयशर ट्रक (कीमत लगभग 15 लाख रुपये)
  • तीन मोबाइल फोन

जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 24 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में थाना डोंगरीपाली में अपराध क्रमांक 27/26 के तहत धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे, छोटेलाल सिदार, प्रधान आरक्षक गजानंद पटेल, आरक्षक ओमप्रकाश सिंह, सुदर्शन राणा, गोपी सिदार, किरण यादव तथा थाना डोंगरीपाली के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़