पीएम स्वनिधि योजना आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल : संजय भूषण पाण्डेय, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आर्थिक संसाधनों से जूझ रहे परिवारों एवं स्वरोजगार से जुड़े छोटे-छोटे व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली एक महत्वपूर्ण योजना है। यह योजना न केवल स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है, बल्कि गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का भी सशक्त माध्यम बन रही है। उक्त बातें जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने जिला मुख्यालय स्थित मंडी परिसर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना समाज के कमजोर, गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों और फुटपाथ व्यवसायियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना के तहत छोटे व्यवसायियों को बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन सकें। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना लाखों लोगों के जीवन में बदलाव लाने का कार्य कर रही है।
संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। सरकार की मंशा है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति आर्थिक रूप से सक्षम बने और सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सके। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना इसी सकारात्मक सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से हजारों हितग्राही लाभान्वित होकर अपने परिवार की आजीविका को सुदृढ़ और बेहतर बना रहे हैं। उन्होंने हितग्राहियों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा समय पर ऋण चुकाकर आगे मिलने वाली ऋण सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के विभिन्न प्रावधानों, ऋण प्रक्रिया, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने तथा समय पर ऋण अदायगी से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पीएम स्वनिधि महोत्सव कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय के अलावा जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, भाजपा प्रवक्ता भुवन लाल मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि अरुण गुड्डू यादव, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, अनुविभागीय अधिकारी वर्षा बंसल, अजा प्रदेश महामंत्री हरिनाथ खूंटे, सतीश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को छोटे व्यापारियों एवं रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल बताते हुए कहा कि इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, बल्कि लाभार्थियों का जीवन स्तर भी बेहतर हो रहा है और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।




