Letest Newsछत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

खाद-बीज संकट और किसानों की बदहाली को लेकर किसान कांग्रेस का धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा 9 सूत्रीय मांग पत्र, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

खाद-बीज संकट पर फूटा किसानों का गुस्सा, किसान कांग्रेस ने खोला मोर्चा

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में खाद, बीज और डीजल की समस्या से जूझ रहे किसानों के मुद्दों को लेकर जिला किसान कांग्रेस ने जोरदार धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांग पत्र प्रशासन को सौंपा। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

धरना प्रदर्शन के दौरान किसान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्तमान खरीफ सीजन में किसान खाद, बीज और डीजल जैसी मूलभूत कृषि आवश्यकताओं के लिए भटकने को मजबूर हैं। सोसायटियों में लंबी कतारें लग रही हैं, पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो रही है और किसानों को कई तरह की प्रशासनिक प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने कहा कि सरकार को किसानों की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देकर त्वरित समाधान करना चाहिए।

किसान कांग्रेस द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में कहा गया है कि प्रदेश का किसान सुबह से शाम तक खाद और डीजल की तलाश में भटक रहा है, जबकि रसूखदार लोगों को आसानी से सुविधाएं मिल रही हैं। संगठन ने इसे किसानों के साथ अन्याय बताते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।

मांग पत्र में किसानों के हित में नौ प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें प्रति एकड़ एक बोरी खाद की सीमा समाप्त करने, खाद वितरण की किश्त व्यवस्था खत्म कर एकमुश्त खाद उपलब्ध कराने, किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद-बीज लेने की स्वतंत्रता देने, जरीकिन में डीजल देने पर लगी रोक हटाने, कृषि बिजली को मुफ्त करने और अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग शामिल है।

इसके अलावा खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, कृषि ऋण (केसीसी) की सीमा बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ करने, धान एवं अन्य कृषि उपज की राशि एकमुश्त भुगतान करने तथा कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन, मत्स्य एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग की योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए लंबित अनुदान राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार साहू ने कहा कि किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो किसान कांग्रेस भविष्य में और बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

धरना प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण मालाकार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूरज तिवारी, रमेश खूंटे सहित बड़ी संख्या में किसान, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़