Letest Newsछत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

तारकेश्वर मंदिर तालाब की बदहाल स्थिति से श्रद्धालु और ग्रामीण परेशान, सफाई की मांग तेज,

विशालपुर सारंगढ़ दिलीप टंडन

सारंगढ़। जिला मुख्यालय सारंगढ़ से रायपुर मार्ग स्थित वार्ड क्रमांक 5 विशालपुर में स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध पौराणिक तारकेश्वर मंदिर अपनी धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व के लिए पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है। यहां प्रतिदिन शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु सुबह-शाम भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर स्थित तालाब भी स्थानीय लोगों की आस्था और दैनिक उपयोग का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे तथा अन्य लोग नियमित रूप से स्नान करने आते हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तालाब में वर्षभर पानी उपलब्ध रहता है, जिसके कारण अनेक लोगों के लिए यह स्नान का प्रमुख साधन बन गया है। लेकिन लंबे समय से तालाब में फैली गंदगी, जलकुंभी, पुराइन पत्ता पुरे तालाब में फैले हुए है,और साफ-सफाई के अभाव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और वार्डवासियों का आरोप है कि गंदे पानी में स्नान करने से त्वचा संबंधी रोग, खुजली एवं अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

नागरिकों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। कुछ माह पूर्व नई दुनिया के प्रतिनिधि दिलीप टंडन ने तत्कालीन कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौज से इस विषय पर चर्चा की थी। उस दौरान कलेक्टर ने तालाब की साफ-सफाई शीघ्र कराने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद मामला फिर ठंडे बस्ते में चला गया।

वर्तमान में जिले की कमान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के हाथों में है। ऐसे में क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन इस महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल और सार्वजनिक उपयोग के तालाब की साफ-सफाई को प्राथमिकता देगा। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तालाब की सफाई नहीं कराई गई तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

वर्जन

इस संबंध में नगर पालिका अधिकारियों से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि विभागीय टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण किया जाएगा तथा निरीक्षण के बाद आवश्यक साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं शीघ्र कराई जाएंगी।

सी ओ मो नगरपालिका सारंगढ़

स्थानीय श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि तारकेश्वर मंदिर तालाब की नियमित सफाई, जलकुंभी हटाने तथा स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़