सारंगढ़-बिलाईगढ़ में LPG व पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, कलेक्टर ने कहा—घबराने की जरूरत नहीं, पढ़े पूरी खबर,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर तथा पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। कलेक्टर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की घबराहट या पैनिक की आवश्यकता नहीं है।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में संचालित 10 गैस एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित रूप से उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। इसी तरह जिले के 32 पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। वर्तमान में पेट्रोल की 3,33,385 लीटर और डीजल की 4,06,714 लीटर मात्रा भंडारित है।
प्रशासन द्वारा आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति तथा तहसीलदार के नेतृत्व में विकासखंड स्तरीय दल लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर कार्यालय के खाद्य शाखा कक्ष क्रमांक 22 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा शिकायत एवं सुझाव के लिए कॉल सेंटर नंबर 1800 233 3663 जारी किया गया है।
जिले के सभी विकासखंडों में तहसीलदार और सहायक खाद्य अधिकारियों की टीम गठित कर जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 5 प्रकरण दर्ज कर 16 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




