भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता, ज्योति पटेल ने कांग्रेस के आरोपों पर साधा निशाना,पढ़े पूरी खबर,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़,भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय चंदाई में भाजपा की ओर से पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। इसमें हाल ही में चुनाव आयोग की ओर से जारी संयुक्त बयान को लेकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल ने कहा कि चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण के बाद कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की वास्तविकता सामने आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक स्वार्थ के चलते संवैधानिक संस्थाओं के प्रति भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
पत्रकारवार्ता की प्रस्तावना जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी ने रखी। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की 26 सितंबर को हुई बैठक और उसके बाद जारी संयुक्त प्रेस नोट से स्थिति स्पष्ट हो गई है। आयोग ने बताया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित प्रमुख निर्णयों को पूर्ण आयोग की सर्वसम्मत मंजूरी प्राप्त थी। आयोग के अनुसार 24 जून 2025 का एसआईआर आदेश तथा बाद में 12 और 19 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के लिए जारी कार्यक्रम भी सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए थे।
ज्योति पटेल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी 27 मई 2026 के अपने फैसले में बिहार में एसआईआर से संबंधित चुनाव आयोग के अधिकार और प्रक्रिया से जुड़े प्रमुख प्रश्नों पर निर्णय दिया था। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस द्वारा सवाल खड़े करना जनता को भ्रमित करने का प्रयास है।
कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष लगातार झूठ, सनसनी और भ्रम का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष जनता की अदालत में राजनीतिक रूप से असफल होता है तो वह संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने लगता है। भाजपा का आरोप है कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया को लेकर जिस तरह से सवाल खड़े किए गए, चुनाव आयोग के ताजा स्पष्टीकरण के बाद उन आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो गई है।
उन्होंने मीडिया रिपोर्टों का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने अपने बयान में एसआईआर से जुड़े निर्णयों पर आयोग के तीनों सदस्यों की सर्वसम्मति की बात स्पष्ट की है। साथ ही फॉर्म-6 और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर भी आयोग ने स्थिति स्पष्ट की है।
जहां कांग्रेस की सरकार, वहां क्यों नहीं उठाती सवाल : भाजपा
प्रेसवार्ता में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस से सवाल किया कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां मतदाता सूची और एसआईआर से जुड़े विषयों को लेकर कांग्रेस इस तरह के सवाल क्यों नहीं उठाती। भाजपा नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए।
पत्रकारवार्ता में जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल के साथ जिला प्रवक्ता भुवनलाल मिश्रा, सह प्रवक्ता प्रकाश अग्रवाल, जिला महामंत्री रिंकू तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हितेश अजगल्ले सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी ने दी।




